Rajiv Gandhi killer Santhan: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हत्यारे संथान की मौत हो गई है. अस्पताल के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है. दिलचस्प बात ये है कि जिस अस्पताल में टी सुथेंद्रराजा उर्फ संथान की मौत हुई वह राजीव गांधी के नाम पर बना सरकारी अस्पताल है. संथन को हत्याकांड में दोषी ठहराया गया था, लेकिन 32 साल जेल काटने के बाद कोर्ट ने रिहा कर दिया था.
द न्यूज मिनट की रिपोर्ट के अनुसार, संथान को कार्डियक अरेस्ट हुआ. अस्पताल के मुताबिक वह अच्छा रिकवर कर रहा था, लेकिन उसकी मौत हो गई. संथन के वकील पुगाझेंधी ने द न्यूज मिनट को बताया, “जब उनका निधन हुआ तो उनके भाई अस्पताल में थे. उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए श्रीलंका स्थित उनके घर ले जाया जाएगा. राजीव गांधी की हत्या में संथान को फांसी की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में उम्रकैद में बदल दिया गया. नवंबर 2022 में हत्याकांड के पाचों दोषियों को रिहा कर दिया गया था. ये लगभग 32 साल से जेल में बंद थे.
मई 1999 में, सुप्रीम कोर्ट ने राजीव गांधी की हत्या में गिरफ्तार 26 आरोपियों में से 19 को बरी कर दिया, जबकि मुरुगन, संथन, पेरारिवलन और नलिनी की मौत की सजा की पुष्टि की. पायस, रविचंद्रन और जयकुमार की मौत की सजा को कम करके आजीवन कारावास में बदल दिया. तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (एलटीटीई) से संबद्ध एक आत्मघाती हमलावर द्वारा की गई राजीव गांधी की हत्या के बाद सभी सात दोषियों को हफ्तों और महीनों के अंदर गिरफ्तार किया गया था. सीबीआई के अनुसार, संथन अप्रैल 1991 में तमिलनाडु आया था. वह लिट्टे की खुफिया विभाग का सदस्य था.