पंजाब के सीमावर्ती जिले गुरदासपुर और पठानकोट में हाई अलर्ट है. सीमा के भीतर दो संदिग्ध आतंकी घुस आए हैं, जिसके बाद से ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस को खुफिया इनपुट मिला है कि आतंकी इन्हीं जिलों में घूम रहे हैं. पठानकोट के एक गांव में कोट बाठियां के एक ग्रामीण ने कंट्रोल रूम को जो बताया वह चौंकाने वाला है. ग्रामीण के दावे के बाद इंडिया डेली ने पठानकोट पुलिस कंट्रोल रूम से जब संपर्क किया तो कंट्रोल रूम में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर करणजीत ने बताया कि सभी बॉर्डर इलाके में गश्ती बढ़ा दी गई है. संदिग्धों के देखे जाने की खबरें सामने आ रही हैं.
चेहरा ढककर दो लोग उसके फॉर्म हाउस के पास से गुजरे हैं, दोनों के हाथों में हथियार हैं. वे आतंकी जैसे नजर आ रहे हैं. ग्रामीण ने पुलिस से कहा है कि आतंकियों ने बंदूक दिखाई और डिनर तैयार करने के लिए कहा. खाना खाकर ही वे वहां से फरार हो गए और पठानकोट की ओर बढ़ गए.
पुलिस ने ग्रामीण के बारे में कोई जानकारी शेयर नहीं की है. पठानकोट के एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने सीनियर अधिकारियों की बैठक बुलाई और गुरदासपुर में प्रशासनिक अधिकारियों ने मीटिंग की.
द ट्रिब्यून की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गुरदासपुर में सभी रेलवे और बस स्टेशनों पर जांच तेज कर दी गई है. गुरदासपुर, धारीवाल और दीनानगर में भी पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है. गुरदासपुर-पठानकोट और जम्मू नेशनल हाईवे पर सख्ती बढ़ाई गई है. पुलिस ने सेना और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) को बी ये जानकारी दे दी है. पठानकोट के एयरफोर्स स्टेशन भी अलर्ट पर हैं. वहां की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
सुरक्षाबलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती ये है कि जम्मू और कश्मीर में तो आतंकी पहले ही दहशत फैलाते रहे हैं, अब पंजाब में भी आ गए हैं. कैसे उन्हें सही समय से ट्रैक किया जाए और गिरफ्तार किया जाए. अगर पंजाब के सीमावर्ती गांवों में वे धमकी देकर खाना मंगवा सकते हैं तो कुछ भी सकते हैं. चिंता की बात ये भी है कि आतंकी हथियार लेकर दाखिल हुए हैं. अगर उन्हें सही समय पर नहीं पकड़ा जाता है तो यह बेहद डराने वाली बात होगी.
पंजाब में हाल के दिनों में एक बार फिर अलगाववादी आंदोलन जोर पकड़ रहा है. खालिस्तानी अमृतपाल सिंह खडूर लोकसभा सीट से जेल से ही सांसदी का चुनाव जीत गया है. उस पर यूएपीए के तहत केस चल रहा है. कुछ साल पहले पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. खालिस्तानी, विदेश में बैठकर भारत के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, पंजाब का लॉ एंड ऑर्डर पहले ही सवालों के घेरे में रहा है. ऐसे में अब संदिग्धों की एंट्री और चौंका रही है.
नोट: अगर आपको कहीं भी ऐसे संदिग्ध लोग दिखें तो तत्काल 100, 0186-2346200 या 8728033500 पर कॉल करके आप सूचना दे सकते हैं.