अब PNG कनेक्शन वाले ग्राहकों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर, संकट के बीच केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर भी देखने को मिला है. इस बीच भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है.
नई दिल्ली: देश में गैस आपूर्ति को संतुलित रखने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. नए निर्देशों के मुताबिक, जिन लोगों के पास पहले से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, वे अब घरेलू LPG कनेक्शन अपने पास नहीं रख सकेंगे. ऐसे उपभोक्ताओं को अपना LPG कनेक्शन जल्द से जल्द सरेंडर करना होगा.
सरकारी आदेश के अनुसार, PNG और LPG दोनों सुविधाएं एक साथ रखने वाले लोग अब घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग या रिफिल नहीं करा पाएंगे. सरकार का मानना है कि इस कदम से गैस की उपलब्धता बेहतर तरीके से प्रबंधित की जा सकेगी और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक सिलेंडर आसानी से पहुंच पाएंगे.
सरकार का बड़ा फैसला
मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि PNG कनेक्शन होने के बावजूद यदि किसी व्यक्ति के पास घरेलू LPG कनेक्शन है, तो वह न तो उसे अपने पास रख सकता है और न ही किसी सरकारी तेल कंपनी या उसके डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से गैस सिलेंडर की रिफिल करा सकता है. सरकार ने ऐसे सभी उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपना LPG कनेक्शन समर्पित करने के निर्देश दिए हैं.
अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर
दरअसल हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर भी देखने को मिला है. पिछले महीने के अंत में अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था. इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी. इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया. इस दौरान ईरान ने वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के अहम मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी सख्ती बढ़ा दी. कई जहाजों की आवाजाही सीमित कर दी गई और कुछ तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने की खबरें भी सामने आई.
भारत में बढ़ी चिंता
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर भारत में भी दिखाई दिया. कई शहरों में LPG सिलेंडर को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई और गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी गई. हालांकि, बाद में ईरान ने होर्मुज मार्ग से भारत आने वाले दो जहाजों को गुजरने की अनुमति दे दी.
सरकार ने लोगों को दिया आश्वासन
केंद्र सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे रसोई गैस या पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी तरह की घबराहट न दिखाएं. अधिकारियों के अनुसार, देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
सावधानी बरतने की सलाह
केंद्र सरकार ने यह भी कहा है कि जिन इलाकों में PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले लोग पाइप गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करें. और साथ ही उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल तेल कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के जरिए ही करे.
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कुछ डिजिटल ठग इस स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं. इसके अलावा सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. राज्यों को भी निर्देश दिया गया है कि वे गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखें ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो.
और पढ़ें
- 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए अपने युद्धपोत भेजें...', तनाव के बीच ट्रंप ने चीन-ब्रिटेन सहित दुनिया के कई देशों को क्यों भेजा संदेश?
- 'यूक्रेन संभावित लक्ष्य बन सकता है...', मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच अचानक क्यों भड़क उठा ईरान?
- ट्रंप ने युद्ध खत्म करने का पुतिन का प्रस्ताव ठुकराया, ईरानी यूरेनियम रूस में शिफ्ट करने का था प्लान