Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Kerala Assembly Election 2026

'अपनी दुकानों के बाहर स्वदेशी का बोर्ड लगाएं', 50% टैरिफ बढ़ने के बीच पीएम मोदी ने जनता से किया स्वदेशी का आह्वान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद से फिर एक बार देशवासियों से ‘स्वदेशी’ अपनाने की अपील की है. उन्होंने त्योहारों के सीजन को आत्मनिर्भरता का पर्व बनाने की बात कही और कारोबारियों से दुकानों पर 'मेरे यहां स्वदेशी बिकता है' लिखने का आग्रह किया. यह अपील ऐसे समय आई है जब अमेरिका ने रूस से तेल खरीद पर भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी कर ली है.

web
Kuldeep Sharma

त्योहारी मौसम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के अहमदाबाद से देशवासियों को संबोधित करते हुए ‘स्वदेशी’ वस्तुओं के प्रयोग को राष्ट्र सेवा बताया. उन्होंने कहा कि इस बार नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस और दीपावली सिर्फ संस्कृति का उत्सव ही नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत का भी पर्व बने. पीएम मोदी की यह अपील ऐसे समय में आई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ गया है और रूस से तेल खरीदने पर अमेरिका ने भारत पर नए शुल्क लगाने का एलान कर दिया है.

मोदी ने कहा कि आने वाले त्यौहार भारतीय संस्कृति का प्रतीक हैं लेकिन यह हमारे लिए आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी हैं. उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे गर्व से दुकानों के बाहर बड़ा बोर्ड लगाएं, जिस पर लिखा हो 'मेरे यहां स्वदेशी बिकता है.' उनका कहना था कि छोटी-छोटी आदतें भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं.

अमेरिका के शुल्क और भारत की चुनौती

पीएम की यह अपील ऐसे समय पर आई है जब अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने पर भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की है. यह शुल्क पहले से लागू 25 फीसदी के ऊपर होगा. अमेरिका इसे 'पेनल्टी' बता रहा है, लेकिन भारत ने इसे अपनी संप्रभुता के खिलाफ करार दिया है. भारत का तर्क है कि ऊर्जा सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और किसी भी देश को इसमें हस्तक्षेप करने का हक नहीं है.

विपक्ष के सवाल और सरकार की दलील

मोदी सरकार लगातार ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ पर जोर देती रही है, लेकिन विपक्ष का कहना है कि इतने सालों में विनिर्माण क्षेत्र में बड़ा उछाल नहीं आया. हालांकि प्रधानमंत्री का मानना है कि आत्मनिर्भरता की दिशा में छोटे कदम भी आने वाले समय में बड़े बदलाव लाएंगे. हाल ही में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी उन्होंने यही संदेश दिया था कि देशभक्ति का असली रूप स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना है.

स्वदेशी और राष्ट्रवाद का संदेश

पीएम मोदी के इस अभियान में अन्य नेताओं ने भी स्वर मिलाया है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षा बंधन पर लोगों से प्रतिज्ञा लेने को कहा कि वे देश की रक्षा के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएंगे. वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि विदेशी कंपनियों के मुनाफे का इस्तेमाल आतंकवाद, नक्सलवाद और धार्मिक रूपांतरण जैसे कामों में होता है. उन्होंने स्वदेशी को राष्ट्रवाद और गर्व से जोड़ा और इसे जनआंदोलन का रूप देने की अपील की.