इंडिया ब्लॉक की महारैली के खिलाफ बीजेपी ने निकाला मार्च, नड्डा बोले- राजनीति के लिए शहीदों को भूले राहुल

INDIA ब्लॉक की रामलीला मैदान में रैली के विरोध में भाजपा ने दिल्ली समेत कई राज्यों में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च निकाला.

@nabilajamal_ X Account
Km Jaya

INDIA ब्लॉक की रामलीला मैदान में आयोजित रैली के विरोध में भाजपा ने शनिवार को दिल्ली समेत कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाला. दिल्ली में हरि नगर से तिलक नगर तक करीब एक किलोमीटर लंबा मार्च निकाला गया. इसमें 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के साथ सिख समुदाय के लोग भी शामिल हुए.

भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने SIR के खिलाफ रामलीला मैदान में रैली के लिए 1 नवंबर की तारीख जानबूझकर चुनी. पार्टी नेताओं ने कहा कि 1 नवंबर 1984 को सिख विरोधी हिंसा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी. भाजपा का कहना है कि ऐसे दिन पीड़ित परिवारों और शहीदों को याद किया जाना चाहिए था.

नड्डा बोले- राहुल ने शहीदों को भुलाया

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक गतिविधियों के लिए 1984 के सिख विरोधी हिंसा के पीड़ितों को भूल गए. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को आज याद किया जाना चाहिए था, उनके जख्मों पर राहुल गांधी ने अपनी राजनीति के जरिए नमक छिड़कने का काम किया है.


नड्डा ने कहा कि गांधी परिवार ने अब तक सिख पीड़ित परिवारों से दिल से माफी नहीं मांगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि 1984 की हिंसा में हजारों परिवार प्रभावित हुए और कई महिलाएं विधवा हुईं.

दिल्ली के कारोबार को लेकर भी निशाना

नड्डा ने विपक्ष की रैली को लेकर दिल्ली के व्यापारियों के नुकसान का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में व्यापारी कारोबार की उम्मीद करते हैं और प्रदर्शन के कारण बाजार प्रभावित हो सकते हैं. नड्डा ने दावा किया कि चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री की ओर से प्रदर्शन को लेकर चिंता जताई गई थी और करीब 10 हजार करोड़ रुपये के संभावित नुकसान की आशंका व्यक्त की गई.

उन्होंने INDIA ब्लॉक के नेताओं से सवाल किया कि क्या वे भी इस नुकसान की जिम्मेदारी में भागीदार हैं. नड्डा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं और देश की जनता उनके राजनीतिक दावों को स्वीकार नहीं करेगी.

नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने हरियाणा के रोहतक में मार्च का नेतृत्व किया. उन्होंने कांग्रेस पर वोट चोरी करने और जनता के जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाया. नवीन ने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों की ‘टूलकिट’ के रूप में काम करने का आरोप भी लगाया.

उन्होंने कहा कि देश की जनता लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण जनता के वोट को मानती है और चुनाव में जनता ने जब भी फैसला दिया है, कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है. नवीन ने कांग्रेस के संविधान और लोकतंत्र से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए.

उन्होंने 1 नवंबर 1984 की हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बयान को लेकर सिख समुदाय में आज भी नाराजगी है. नवीन ने कहा कि राहुल गांधी को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए थी.

कई राज्यों में भाजपा का प्रदर्शन

भाजपा ने दिल्ली के अलावा देश के कई हिस्सों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाला. महाराष्ट्र के बोरीवली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में रैली हुई. हिमाचल प्रदेश के शिमला में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता जुटे. शिमला में मार्च का समापन चौरा मैदान में आयोजित रैली के साथ हुआ.

भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने और विपक्ष की राजनीति का विरोध करने के लिए है. वहीं, INDIA ब्लॉक की रैली और भाजपा के विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.