दिल्ली में PM मोदी-CM योगी की लंबी बैठक, यूपी चुनाव से पहले क्यों अहम है अक्टूबर का महीना? इन मुद्दों पर हुई चर्चा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात कर विकास परियोजनाओं पर चर्चा की. माना जा रहा है कि आगामी राज्यसभा और एमएलसी चुनावों की रणनीति पर भी मंथन हुआ.
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दिल्ली दौरे पर रहे, जहां उन्होंने दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में सीएम योगी ने प्रदेश में प्रस्तावित पीएम के कार्यक्रमों, उद्घाटन और शिलान्यास से जुड़ी विकास परियोजनाओं की सूची सौंपी. हालांकि बैठक का कोई आधिकारिक एजेंडा अभी सामने नहीं आया है.
चुनावी रणनीति पर भी हो सकती है बात
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सीएम योगी भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मिल सकते हैं. माना जा रहा है कि इस मुलाकात में उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी. खासतौर पर एमएलसी की 6 सीटों के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनाने को लेकर बातचीत हो सकती है.
16 अक्टूबर को राज्यसभा की 10 सीटों पर मतदान
उत्तर प्रदेश की राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा, और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे. इनमें से आठ सीटें फिलहाल भाजपा के पास हैं, जबकि सपा और बसपा के पास एक-एक सीट है. अभी तक किसी भी प्रमुख दल ने अपने उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं.
Also Read
- 'फिक्स चुनावों में भाग ना लें विपक्षी दल', अभिजीत दिपके का कड़ा संदेश, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दिया अल्टीमेटम
- चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन, गौरव गोगोई समेत कई नेता हिरासत में
- तिहाड़ से रिहा हुए अमेरिकी मैथ्यू वैनडाइक, एक महीने के लिए अमेरिका-यूक्रेन जाने की मिली इजाजत
मुलाकात की तस्वीरें
PM मोदी के आधिकारिक एक्स हैंडल से दोनों की मुलाकात की तस्वीर शेयर की गई है.
23 अक्टूबर को होगा एमएलसी चुनाव
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जिसकी मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी. इन सीटों में अभी भाजपा के पास आठ और सपा के पास तीन सीटें हैं.
सपा ने पहले ही उतार दिए अपने उम्मीदवार
एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने सभी 11 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी है, जिससे पार्टी ने इस मुकाबले में बढ़त लेने की कोशिश की है. वहीं भाजपा और कांग्रेस ने अब तक पांच-पांच सीटों पर ही अपने प्रत्याशी उतारे हैं, बाकी सीटों को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है.