भारत एशिया में तीसरी सबसे ताकतवर महाशक्ति बरकरार, PM मोदी नेतृत्व में भी दूसरे नंबर पर

एशिया में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है. साल 2026 की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट के मुताबिक, भारत एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बन गया है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: एशिया में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है. साल 2026 की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट के मुताबिक, भारत एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बन गया है. इस रिपोर्ट में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है. भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत, रक्षा सहयोग, व्यापारिक रिश्ते और सांस्कृतिक प्रभाव ने देश को इस रैंकिंग में मजबूत स्थिति दिलाई है.

रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्षेत्रीय नेतृत्व क्षमता को भी बेहतर आंका गया है. एशिया के प्रभावशाली नेताओं की सूची में मोदी दूसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं. यह रिपोर्ट ऑस्ट्रेलिया के Lowy Institute की ओर से जारी की गई है, जिसमें एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की ताकत का आकलन किया गया है.


भारत का स्कोर बढ़कर हुआ 40.5 अंक:

रिपोर्ट के अनुसार, भारत का पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है. भारत और चीन के बीच ताकत का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है. हालांकि, चीन की शक्ति अभी भी भारत से करीब 80 प्रतिशत ज्यादा है.

भारत की सबसे मजबूत स्थिति कूटनीतिक प्रभाव के मामले में रही है. इस क्षेत्र में भारत को 70.3 अंक मिले हैं. वहीं, भविष्य के संसाधनों से जुड़े स्कोर में सुधार होकर 56.2 अंक पहुंच गया. आर्थिक क्षमता के मामले में भारत का स्कोर 26.4 अंक रहा.

रक्षा और व्यापार ने बढ़ाया भारत का प्रभाव:

भारत की बेहतर रैंकिंग के पीछे कई कारण बताए गए हैं. दूसरे देशों के साथ व्यापार और निवेश संबंध मजबूत होने से भारत की आर्थिक साझेदारी में सुधार हुआ है. दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ रक्षा सहयोग बढ़ने और ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात ने भी भारत की सैन्य पहुंच को मजबूत किया है.

इसके अलावा भारतीय संस्कृति, लोगों के बीच संपर्क, मीडिया और सूचना के आदान-प्रदान से भी भारत का प्रभाव बढ़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब अपने संसाधनों को क्षेत्रीय प्रभाव में बदलने के मामले में पहले से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है.

अमेरिका और चीन अभी भी सबसे आगे:

एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर बना हुआ है. चीन की आर्थिक और सैन्य ताकत भारत से काफी अधिक है, लेकिन भारत ने अपनी स्थिति मजबूत करते हुए दोनों देशों के बीच अंतर कम किया है. इस रिपोर्ट में 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव, आर्थिक संबंध और भविष्य के संसाधनों समेत आठ स्टैंडर्ड्स पर किया जाता है.

भारत की यह रैंकिंग बताती है कि देश केवल आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि रक्षा, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के जरिए भी एशिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है.