PM Modi Chhattisgarh and Telangana Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) छत्तीसगढ़ और तेलंगाना का दौरा करेंगे. इस दौरान पीएम 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे. पीएम विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला भी रखेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि जगदलपुर, बस्तर पहुंचकर प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के लिए 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड का इस्पात संयंत्र भी शामिल है. इसके बाद पीएम मोदी तेलंगाना (Telangana) जाएंगे जहां वो बिजली, रेल, स्वास्थ्य जैसे महत्त्वपूर्ण सेक्टरों की लगभग 8000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
प्रधानमंत्री बस्तर जिले में नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के इस्पात संयंत्र का लोकार्पण करेंगे. ये संयंत्र 23,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है. ये ग्रीन फील्ड परियोजना का संयंत्र है, जहां उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात निर्मित होगा. इससे रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे. ये संयंत्र बस्तर को दुनिया में नई पहचान देगा. इस दौरान पीएम मोदी रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे.
पीएम मोदी अंतागढ़-तारोकी के बीच नई रेल लाइन और जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच डबल रेल लाइन परियोजना का लोकार्पण करेंगे. पीएम बोरीडांड-सूरजपुर डबल रेल लाइन परियोजना, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जगदलपुर स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे. प्रधानमंत्री तारोकी-रायपुर डेमू रेल सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इन रेल परियोजनाओं से राज्य के जनजातीय इलाकों में कनेक्टिविटी में सुधार होगा. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के ‘कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा खंड’ पर सड़क परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे. इस नई सड़क से कनेक्टिविटी में सुधार होगा.
ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए बिजली उत्पादन बढ़ाने की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी एनटीपीसी की तेलंगाना सुपर थर्मल पॉवर परियोजना के 800 मेगावॉट संयंत्र के पहले चरण का लोकार्पण करेंगे. इसके जरिए तेलंगाना को सस्ती बिजली मिलेगी और राज्य के आर्थिक विकास में तेजी आएगी. तेलंगाना में पीएम कई रेल परियोजनाओं के लोकार्पण भी करेंगे. प्रधानमंत्री सिद्दीपेट-सिकंदराबाद-सिद्दीपेट रेल सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. तेलंगाना में पीएम मोदी आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत पूरे राज्य में गहन चिकित्सा सुविधा के 20 प्रखंडों का शिलान्यास करेंगे. इन प्रखंडों के निर्माण से पूरे तेलंगाना में जिला स्तर पर गहन चिकित्सा सुविधा में सुधार होगा.
यह भी पढ़ें: J&K: राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़, जारी है सर्च ऑपरेशन