बनासकांठा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि संकट के समय कुछ लोग देश में अफवाह फैलाकर डर और अफरातफरी का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की कोशिश मोदी को बदनाम करने की थी, लेकिन देश एकजुट होकर हर चुनौती का सामना कर रहा है.
प्रधानमंत्री ने ईरान और खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है. भारत भी इसके असर का सामना कर रहा है, लेकिन देश एकजुट होकर परिस्थितियों से निपट रहा है. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने किसानों को डराया कि उन्हें खाद नहीं मिलेगी और महिलाओं के बीच गैस की सप्लाई बंद होने की अफवाह फैलाई गई.
पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध के बावजूद सरकार ने किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी. उन्होंने दावा किया कि किसानों को आज भी 300 रुपये में खाद उपलब्ध कराई जा रही है. प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश संकट का सामना कर रहा था, तब कुछ लोग अफरातफरी फैलाना चाहते थे. उनका उद्देश्य लोगों को डराना और सरकार को बदनाम करना था. हालांकि, भारत ने एकजुट होकर चुनौती का सामना किया.
पीएम मोदी ने कहा कि देश का युवा विकसित भारत का सपना देख रहा है. उन्होंने कहा कि विकास के लिए किए जा रहे सभी प्रयास भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में हैं. उनके मुताबिक, अनिश्चितता से भरी दुनिया में भारत की तेज आर्थिक और विकास यात्रा पूरी दुनिया देख रही है.
बनासकांठा के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया. कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की गई. इसके तहत देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी गई. यह कार्यक्रम पीएम किसान उत्सव दिवस के तहत आयोजित किया गया.
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बनासकांठा के आलू का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यहां का आलू दुनिया में मशहूर है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहां आकर कोई यह नहीं कह सकता कि वह आलू से सोना बनाएगा, क्योंकि यहां के लोग पहले से ही इसकी वास्तविकता जानते हैं.
प्रधानमंत्री के इस बयान को विपक्ष पर उनके पुराने राजनीतिक तंज से जोड़कर देखा जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने सरकार की उपलब्धियों और देश के विकास का जिक्र करते हुए विपक्ष पर संकट के समय राजनीति करने का आरोप लगाया.