'हिसाब होगा', पश्चिम बंगाल में बोले पीएम मोदी, 6 गारंटी देने का किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर छह गारंटी देने का ऐलान किया. उन्होंने तृणमूल सरकार पर कट मनी, भय और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ‘हिसाब’ का वादा किया और डबल इंजन सरकार की जरूरत पर जोर दिया.

x-bjp
Kuldeep Sharma

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्दिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने ममता बनर्जी के शासन को कट मनी, लूट और तुष्टिकरण का पर्याय बताया. पीएम मोदी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने का आह्वान किया और राज्य के लोगों के लिए छह बड़ी गारंटी का ऐलान किया. साथ ही उन्होंने तृणमूल पर ‘हिसाब’ लेने का साफ संदेश दिया. बंगाल में चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे तथा मतगणना 4 मई को होगी.

मोदी की छह गारंटियां

प्रधानमंत्री ने पहली गारंटी में कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बंगाल से भय का माहौल खत्म हो जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार में लोग न्याय के लिए अदालतों के चक्कर काटने को मजबूर हैं. दूसरी गारंटी में उन्होंने सरकार को जवाबदेह बनाने का वादा किया. तीसरी गारंटी के तहत हर घोटाले, भ्रष्टाचार और बेटियों के साथ अन्याय के सभी फाइलें खोली जाएंगी. चौथी गारंटी में पीएम मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाला चाहे मंत्री हो या चपरासी, जेल जाएगा. पांचवीं गारंटी में शरणार्थियों को संवैधानिक अधिकार और घुसपैठियों को बाहर निकालने का वादा किया गया.

भ्रष्टाचार और सिंडिकेट पर हमला

पीएम मोदी ने तृणमूल सरकार पर सिंडिकेट राज चलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि तृणमूल शासन में बिना कट मनी और कमीशन दिए कोई काम नहीं होता. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में फैक्टरियां ट्रस्ट पर चलेंगी, न कि सिंडिकेट पर. मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी स्तर के व्यक्ति को कानून के सामने लाया जाएगा. उन्होंने राज्य की जनता से अपील की कि अगर वे विकास चाहते हैं तो भाजपा को मौका दें. पीएम ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में जो विकास हुआ है, वैसा ही बंगाल में भी होगा.

सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा

छठी गारंटी में प्रधानमंत्री ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को बड़ा आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार ने कई सालों से उन्हें भय के माहौल में रखा है, लेकिन मोदी उनके साथ है. पीएम मोदी ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही बंगाल में सातवें वेतन आयोग को लागू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि 'कमल' के बटन दबाकर भाजपा को जिताएं, हम आपके हितों की रक्षा करेंगे. यह घोषणा बंगाल के लाखों कर्मचारियों और शिक्षकों के बीच अच्छा संदेश देने वाली मानी जा रही है.

डबल इंजन और हिसाब का वादा

पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि बंगाल का विकास तभी संभव है जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री साथ मिलकर काम करें. उन्होंने डबल इंजन सरकार की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि इससे बंगाल मछली और खाद्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा. अंत में उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ ‘सबका हिसाब’ का नारा दिया. मोदी ने साफ चेतावनी दी कि बंगाल को लूटने वालों का हिसाब लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा न सिर्फ विकास करेगी बल्कि भ्रष्टाचारियों को भी जवाबदेह बनाएगी.