New Delhi: आज 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती है. 23 जनवरी 2024 को नेताजी की 127वीं जयंती मनाई जा रही है. इस दिन को नेताजी की याद में पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है. लाल किले में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 6:30 बजे पराक्रम दिवस समारोह में भाग लेने के लिए लाल किला जाएंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री 23 जनवरी से 31 जनवरी तक होने वाले कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को इस संबंध में एक बयान जारी कर यह जानकारी दी थी.
प्रधानमंत्री मोदी के पहल पर ही स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महान लोगों के योगदान का सम्मान करने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को 2021 से पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाने लगा. तब से ही इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए नेताजी सहित तमाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया जाता है.
आज 23 जनवरी से शुरू होने वाला ये कार्यक्रम 31 जनवरी तक चलेगा. पीएमओ द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री गणतंत्र दिवस की झांकियों और सांस्कृतिक प्रदर्शनों के साथ ही देश की विविधता को प्रदर्शित करने के लिए पर्यटन मंत्रालय की ओर से आयोजित किए जा रहे भारत पर्व की डिजिटल रूप से शुरुआत भी करेंगे. इसके साथ ही सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज की विरासत को याद करते हुए और ऐतिहासिक प्रतिबिंबों और जीवंत सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को एक साथ जोड़ते हुए एक बहुआयामी उत्सव मनाया जाएगा.