रामलला के प्राण प्रतिष्ठा से पहले अयोध्या को बड़ी सौगात, 30 दिसंबर को एयरपोर्ट और स्टेशन का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

Ayodhya News: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले 30 दिसंबर को पीएम मोदी अयोध्या दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और अयोध्या रेलवे स्टेशन का उद्धाटन करेंगे.

Purushottam Kumar

Ayodhya News: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले 30 दिसंबर को पीएम मोदी अयोध्या दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और अयोध्या रेलवे स्टेशन का उद्धाटन करने के साथ साथ अयोध्या को कई सौगातें देंगे. बीते दिनों अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने यह जानकारी दी है.

वेद प्रकाश गुप्त ने बताया कि 30 दिसंबर को पीएम मोदी श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और अयोध्या रेलवे स्टेशन के साथ साथ कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे.

'आर्थिक प्रगति को मिलेगी नई उड़ान'

अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में अयोध्या को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने के साथ साथ पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अयोध्या में एयरपोर्ट और अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन के लोकार्पण के बाद आर्थिक प्रगति को नई उड़ान मिलेगी जिसका लाभ अयोध्या के लोगों को मिलेगा.

22 जनवरी को रामलला प्राण प्रतिष्ठा

अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है. इस कार्यक्रम में 121 वैदिक ब्राह्मण हिस्सा लेंगे. काशी से 50 ब्राह्मणों का एक विशाल समूह भी इस दौरान अयोध्या में निवास करेगा. इस कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी का राज्याभिषेक कराने वाले गागाभट्ट के वंशज भी शामिल होंगे. प्रधानमंत्री मोदी, सीएम योगी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.

होटलों की एडवांस बुकिंग को लेकर निर्देश

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर लखनऊ में भी होटलों की एडवांस बुकिंग नहीं होगी. मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद ने लखनऊ होटल एसोसिएशन के साथ एक बैठक की जिसमें उन्होंने यह निर्देश दिया कि 20 जनवरी से 23 जनवरी तक होटलों की एडवांस बुकिंग नहीं करें. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि होटल व्यवसायी अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें कि अतिथियों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लें.