PM Modi watched live coverage of Uttarkashi Tunnel workers rescue: उत्तराखंड टनल में फंसे मजदूरों का मंगलवार शाम जब रेस्क्यू किया जा रहा था, तब पीएम मोदी ने रेस्क्यू ऑपरेशन की लाइव कवरेज देखी थी. सूत्रों के मुताबिक, लाइव कवरेज के दौरान पीएम मोदी भावुक भी हो गए थे. आखिरकार, टनल से सभी 41 मजदूरों के सुरक्षित निकाल लिए जाने के बाद पीएम मोदी ने देर शाम उनसे फोन पर बातचीत भी की थी.
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री पूरी प्रक्रिया को टेलीविजन पर लाइव देख रहे थे. पीएम समेत पूरी कैबिनेट ने रेस्क्यू ऑपरेशन को लाइव देखा. फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित निकालने पर प्रधानमंत्री भावुक हो गए.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मजदूरों को निकालने की प्रक्रिया के दौरान मंगलवार रात करीब 8 बजे कैबिनेट की बैठक चल रही थी और जब मजदूर बाहर आए तो पीएम मोदी काफी भावुक थे.
इससे पहले आज, मुख्यमंत्री धामी ने चिन्यालीसौड़ अस्पताल में मंगलवार रात को भर्ती कराए गए सभी 41 मजदूरों से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा. मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी श्रमिकों का स्वास्थ्य बिलकुल ठीक है. हालांकि, दोपहर बाद मजदूरों को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया जहां उनका मेडिकल चेकअप हुआ.
बता दें कि सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी चार धाम परियोजना का हिस्सा है. सुरंग के अंदर 12 नवंबर को मलबा गिरा था, जिससे अंदर मौजूद 41 श्रमिक फंस गए थे. मंगलवार शाम करीब 7 बजे मलबे के आखिरी हिस्से को हटाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया.