Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

'बदला नहीं, अब बदलाव का समय है', पीएम मोदी ने फिर दिखाया बड़ा दिल; बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत के बाद की ये अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम और पश्चिम बंगाल चुनावों में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने असम में हैट्रिक जीत और बंगाल में पहली बार मिले प्रचंड जनादेश के बाद कार्यकर्ताओं से शांति बरतने की अपील की.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: भारतीय राजनीति के इतिहास में 4 मई का दिन एक अभूतपूर्व बदलाव के रूप में दर्ज हो गया है. असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के रुझानों और नतीजों ने न केवल सत्ता के समीकरण बदल दिए हैं, बल्कि भविष्य की राजनीति के लिए एक नई लकीर खींच दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मजबूत प्रदर्शन के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने विजय के उल्लास के साथ-साथ संयम और शांति बरतने की भी अपील की.

असम की घाटियों से लेकर ब्रह्मपुत्र के तटों तक भाजपा का 'मामा-मियां' करिश्मा सर चढ़कर बोला है.
 बीजेपी की राज्य में लगातार तीसरी जीत ये साबित करती है कि राज्य में बीजेपी के पैठ अब बहुत गहरी हो चुकी है, जिसे चुनौती देना फ़िलहाल विपक्ष के बस की बात नहीं लगती. राजनीतिक विश्लेषक इसे मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के प्रशासनिक कौशल और प्रधानमंत्री मोदी की विकास नीतियों की संयुक्त जीत के रूप में देख रहे हैं, जिसने विपक्ष के तमाम दावों को ध्वस्त कर दिया है.

पश्चिम बंगाल: दशकों पुराने दुर्ग में ऐतिहासिक सेंध 

दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में चुनावी मुकाबला किसी महासंग्राम से कम नहीं रहा. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) का जिस तरह से बीजेपी ने सूपड़ा साफ़ कर दिया, उसे राज्य के राजनीतिक इतिहास का सबसे बड़ा 'उलटफेर' माना जा रहा है. सालों तक जमीनी संघर्ष करने के बाद भाजपा ने सत्ताधारी दल के गढ़ में ऐसी गहरी पैठ बनाई है, जो आने वाले कई वर्षों तक बंगाल की राजनीतिक दिशा को पुनर्गठित करने की क्षमता रखती है. इस प्रदर्शन को भाजपा की 'चुनावी गंगा' के रूप में देखा जा रहा है जो बिहार से होते हुए अब बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गई है.

'बदला नहीं, बदलाव': पीएम मोदी का संदेश 

पश्चिम बंगाल में भाजपा के इस शानदार प्रदर्शन को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के सभी राजनीतिक गुटों से एक भावुक और रणनीतिक अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की जीत का उद्देश्य दमन नहीं, बल्कि विकास है. प्रधानमंत्री ने कहा, 'आज जब भाजपा जीत गई है, तो ध्यान बदला लेने पर नहीं, बल्कि बदलाव पर होना चाहिए. ध्यान डर पर नहीं, बल्कि भविष्य पर होना चाहिए. मैं सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं- आइए हिंसा के इस अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए समाप्त करें.' प्रधानमंत्री का यह बयान उन चिंताओं के बीच आया है जो अक्सर चुनाव पश्चात होने वाली हिंसा को लेकर बंगाल में बनी रहती हैं.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में 'भविष्य' और 'परिवर्तन' शब्दों पर विशेष बल दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जीत को विनम्रता के साथ स्वीकार करें और बंगाल को भयमुक्त बनाने की दिशा में काम करें. बंगाल का यह चुनाव परिणाम महज एक सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक वैचारिक क्रांति के रूप में उभरा है. प्रधानमंत्री के इस विजन ने यह साफ कर दिया है कि नई सरकार की प्राथमिकता राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और विकास के उस पहिये को गति देना है, जो पिछले कुछ समय से राजनीतिक कश्मकश में उलझा हुआ था.