प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को पूरे देश से पेट्रोल, डीजल और गैस का संयम के साथ इस्तेमाल करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आज समय आ गया है कि हम पेट्रोल, डीजल और गैस का संयम के साथ इस्तेमाल करें. हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पास तेल के कूएं नहीं है, इसलिए आज हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की जरूरत है. उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो है वहां लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें. दरअसल, पीएम पश्चिम एशिया संकट को लेकर बात कर रहे थे, जिसके कारण तेल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है. तेल आयात का प्रमुख मार्ग होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी से पूरी दुनिया तेल संकट से जूझ रही है.
पीएम मोदी ने कहा कि जब युद्ध होता था तो लोग सोना दान में देते थे, आज दान देने की जरूरत नहीं है लेकिन हमें यह संकल्प लेना होगा कि हम अगले एक साल तक, जब तक बहुत जरूरी ना हो सोना न खरीदें. इससे हमारी विदेशी मुद्रा भी बचेगी. पीएम ने कहा कि कोरोना काल में देश में वर्क फ्रॉम होम की जो व्यवस्था विकसित हुई, आज समय की मांग है कि इन व्यवस्थाओं को फिर से शुरू करें तो यह देश के हित में होगा.
Amid global energy crisis, PM Modi calls for conserving petrol, diesel & foreign exchange pic.twitter.com/tq5r0x2YZg
— Sidhant Sibal (@sidhant) May 10, 2026
पीएम ने कहा कि आज देश के सामने जो सकंट है उसमें हमें विदेशी मुद्रा बचाने पर भी जोर देना होगा क्योंकि दुनिया में पेट्रोल-डीजल इतना महंगा हो गया है. इसलिए हम सबका दायित्व है कि पेट्रोल-डीजल की खरीद पर जो विदेशी मुद्रा खर्च होती है, हमें वो मुद्रा बचानी है.
पीएम ने कहा कि नवीनीकरणीय ऊर्जा और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा उत्पाद के मामले में भारत विश्व के अग्रणी देशों में शुमार हो चुका है. उन्होंने यह भी कहा कि आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने के प्रयासों के तहत भारत में पेट्रोल और इथेनॉल के मिश्रण में भी अभूतपूर्व प्रगति हुई है.