नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के 10वें संस्करण का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने भारत में तेजी से बढ़ रही डिजिटल कनेक्टिविटी और टेलीकॉम सेक्टर की प्रगति पर बात की. इस साल IMC की थीम स्केल विदआउट बाउंड्रीज रखी गई है, जिसका मतलब सीमाओं से परे विस्तार है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की डिजिटल यात्रा में पिछले कुछ सालों में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने याद दिलाया कि 2022 में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के दौरान 5G सेवा की शुरुआत हुई थी. इसके बाद देश में 5G नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ.
प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान डिजिटल कनेक्टिविटी की भूमिका का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 2020 के लॉकडाउन में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क की वजह से बच्चों की पढ़ाई जारी रह सकी, लोग अपने परिवारों से जुड़े रहे और कई लोगों के लिए वर्क फ्रॉम होम संभव हुआ.
Addressing the India Mobile Congress. It is encouraging to see India's telecom sector steadily moving towards greater self-reliance. https://t.co/tIuohkURIE
— Narendra Modi (@narendramodi) October 8, 2026
पीएम मोदी ने पीएम-किसान सम्मान निधि का उदाहरण देते हुए बताया कि डिजिटल नेटवर्क ने सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना आसान बनाया है. किसानों को किस्त मिलने की जानकारी सीधे उनके मोबाइल फोन पर मिल जाती है. उन्होंने कहा कि आज स्मार्टफोन सिर्फ कॉल और मैसेज तक सीमित नहीं हैं. मोबाइल कनेक्टिविटी से सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है और लोगों का समय भी बच रहा है.
सरकार का जोर अब दूरदराज के इलाकों में मोबाइल टावर और फाइबर नेटवर्क बढ़ाने पर है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सस्ती और बेहतर इंटरनेट सेवाओं से जुड़ सकें.