menu-icon
India Daily

‘1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग…’ PM मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लाल किले से 80वें स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए. नीट पेपर लीक के बाद युवाओं के बड़े प्रदर्शन के कुछ दिन बाद यह युवाओं तक पहुंचने का एक और प्रयास था.

Shilpa Shrivastava
‘1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग…’ PM मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर किया ऐलान
Courtesy: ANI X

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लाल किले से 80वें स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए. नीट पेपर लीक के बाद युवाओं के बड़े प्रदर्शन के कुछ दिन बाद यह युवाओं तक पहुंचने का एक और प्रयास था. उन्होंने कहा कि अगले एक साल में करीब एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की ट्रेनिंग दी जाएगी. साथ ही छात्रों के लिए विभिन्न परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग भी शुरू की जाएगी.  

पीएम मोदी ने कहा कि ध्यान तीन चीजों पर रखना है जिसमें खर्च कम हो, क्वालिटी अच्छी हो और स्किल यानी हुनर बढ़े. युवा देश के विकास और विकसित भारत के सपने के लिए बहुत जरूरी हैं.  

शिक्षा और नवाचार पर दिया जोर:

उन्होंने बताया कि पिछले 12 साल में देश में करीब 650 नए विश्वविद्यालय बने हैं. अब भारत में 850 मेडिकल कॉलेज हैं. देश युवाओं की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है. युवा यहां बैठे-बैठे विदेशी विश्वविद्यालयों की डिग्री भी ले सकें, इसके लिए और इंतजाम किए जा रहे हैं. युवाओं में इनोवेशन और तकनीक के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए 10 हजार से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब्स खोली जाएंगी.

स्टार्टअप और एआई की सफलता:

मोदी जी ने कहा कि औसत उम्र 28 साल के युवा उद्यमियों ने सैटेलाइट और रॉकेट लॉन्च किए हैं. पहली कोशिश में ही बड़ी सफलता हासिल की है. आज देश में 2.5 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं. हाल ही में एआई इंपैक्ट समिट भी हुआ. एआई बहुत तेजी से फैल रहा है. लाल किले से उन्होंने ऐलान किया, “हमने फैसला किया है कि अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को एआई स्किल की ट्रेनिंग देंगे. ताकि हमारे देश के युवा एआई की दुनिया में आगे बढ़ सकें.”  

जनगणना में युवाओं की भूमिका जरूरी:

प्रधानमंत्री ने युवाओं से चल रही जनगणना में सक्रिय भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है. उन्हें परिवार की सही जानकारी डिजिटल तरीके से देनी चाहिए ताकि गलती न हो. युवाओं को नेतृत्व संभालना चाहिए.