भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते का फ्रेमवर्क जारी होने के बाद वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के लिए बहुत फायदेमंद है और इससे हमारे निर्यातकों को बड़ा बाजार मिलेगा.
गोयल ने बताया कि अमेरिका ने भारत के कई उत्पादों पर जीरो टैरिफ यानी शून्य शुल्क लगा दिया है. इनमें जेम्स एंड डायमंड्स, फार्मास्यूटिकल्स यानी दवाइयां, स्मार्टफोन्स, मसाले, चाय-कॉफी, नारियल और नारियल तेल, वनस्पति तेल, काजू, कई तरह के फल-सब्जियां जैसे केला, आम, अनानास, मशरूम, कुछ जड़ वाली सब्जियां, प्रोसेस्ड फ्रूट्स जैसे अमरूद का जैम, एयरक्राफ्ट पार्ट्स, मशीनरी के हिस्से, एसेंशियल ऑयल, एल्यूमिनियम पार्ट्स, जिंक ऑक्साइड, मिनरल्स और प्राकृतिक रबर आदि शामिल हैं.
उन्होंने साफ कहा कि कृषि और डेयरी सेक्टर में भारत ने अमेरिका को कोई छूट नहीं दी है. हमारे किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है. मीट, चीनी, पोल्ट्री, डेयरी उत्पाद, सोयाबीन, मक्का, चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, रागी, अमरनाथ, कुछ फल, ग्रीन टी, चना, एनिमल फीड प्रोडक्ट्स, इथेनॉल, तंबाकू जैसी संवेदनशील चीजों पर कोई रियायत नहीं दी गई. गोयल ने जोर देकर कहा कि डेयरी के किसी भी प्रोडक्ट पर अमेरिका को भारत में एंट्री नहीं मिली है.
पीयूष गोयल ने कहा कि अब अमेरिका का लगभग 30 ट्रिलियन डॉलर का विशाल बाजार हमारे निर्यातकों के लिए कम टैरिफ पर खुल गया है. उन्होंने कहा कि पहले 50 फीसदी तक टैरिफ था, जो अब घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है. यह हमारे पड़ोसी देशों जैसे चीन (35%), वियतनाम (20%) और इंडोनेशिया (19%) से भी कम है. इससे भारतीय निर्यातकों को काफी फायदा होगा.
उन्होंने इसे भारत की 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में महत्वपूर्ण कदम बताया. बता दें कि फरवरी 2025 से दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू हुई थी, जिसका लक्ष्य सालाना 500 बिलियन डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हासिल करना था. गोयल ने कहा कि आज का दिन सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा. पूरे देश में खुशी की लहर है और हर सेक्टर में नए अवसरों को लेकर उत्साह है. अमेरिका अब हमारे निर्यातकों के लिए सबसे पसंदीदा देश बनने जा रहा है. वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच दोस्ती और मजबूत संबंधों का नतीजा है. आने वाले दिनों में इससे भारत की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी.