IndiGo फ्लाइट में यात्री को हुई खून की उल्टियां, विमान की कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
Maharashtra News: इंडिगो एयरलाइंस में सवार एक यात्री की तबियत अचानक बिगड़ गई जिसके बाद नागपुर में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. यात्री को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस में सवार एक यात्री की तबियत अचानक बिगड़ गई जिसके बाद नागपुर में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. यात्री को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान देवानंद तिवारी के रूप में हुई. नागपुर केआईएमएस अस्पताल के डीजीएम ने बताया कि टीबी और किडनी की बीमारी से पीड़ित था.
यात्री की अचानक बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार यात्री मुंबई से रांची जाने वाली फ्लाइट में सवार था इसी दौरान अचानक उसे खून की उल्टी होने लगी जिसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. इसके बाद नागपुर में इलाज के लिए यात्री को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल ने जारी किया बयान
अस्पताल की ओर से एक बयान जारी कर बताया गया कि यात्री टीबी और किडनी रोग से ग्रसित था. विमान में तबीयत बिगड़ने के बाद यात्री ने भारी मात्रा में खून की उल्टियां की और उसे मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया.
ये भी पढ़ें: UP Police: यूपी में हिंदू पंचांग के हिसाब से तैनात किए जाएंगे पुलिसकर्मी, जानें क्या है पूरी कहानी?
इंडिगो एयरलाइन ने जारी किया बयान
यात्री की मौत को लेकर इंडिगो एयरलाइन ने अपने बयान में कहा है कि मुंबई से रांची तक चलने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 5093 को मेडिकल आपात स्थिति के कारण नागपुर की ओर मोड़ दिया गया. यात्री को उतार दिया गया और आगे की चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया गया. दुर्भाग्यवश, यात्री जीवित नहीं बचा. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं.
कुछ दिन पहले हुई थी पायलट की मौत
गौरतलब है कि बीते दिनों यानी 17 अगस्त को नागपुर एयरपोर्ट पर एक पायलट की मौत होने की भी खबर सामने आई थी. जानकारी के अनुसार पायलट नागपुर से पुणे जाने वाली फ्लाइट के इंतजार में था. इसी दौरान वह एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट के पास बेहोश होकर अचानक गिर पड़े और फिर उनकी मौत हो गई थी. जानकारी के अनुसार में उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है.
ये भी पढ़ें: Chandrayaan-3 की लैंडिंग को रोक सकता है ISRO! जानें क्यों उठाना पड़ सकता है ये कदम