बाबर-रिजवान के बिना भारत को एशिया कप में कैसे हराएगा पाकिस्तान, चीफ सेलेक्टर ने बताया क्या है प्लान?
एशिया कप 2025 से पहले पाकिस्तान के चीफ सेलेक्टर आकिब जावेद ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उनकी टीम भारत को हराने की पूरी क्षमता रखती है. पाकिस्तान ने 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को जगह नहीं दी गई. जावेद ने यह भी माना कि भारत-पाक मुकाबला अब भी दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट मैच है.
एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से होने जा रहा है और इसका फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा. इस बार पाकिस्तान की टीम ग्रुप-ए में भारत, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात के साथ रखी गई है. टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने 17 सदस्यीय दल का ऐलान किया है और इसी दौरान मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद ने टीम की ताकत पर भरोसा जताते हुए भारत को हराने का दावा किया है. गौरतलब है 14 सितंबर को दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच होगा.
पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चाहे कोई माने या न माने, भारत-पाकिस्तान का मैच अब भी दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट मुकाबला है. उन्होंने कहा, 'हमारी टीम के पास भारत को हराने की पूरी क्षमता है. खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं और उन्हें पता है कि ये मुकाबला कितना अहम होता है.' जावेद ने माना कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव भले मौजूद हो, लेकिन खिलाड़ियों को अतिरिक्त दबाव लेने की ज़रूरत नहीं है.
टीम से बाहर बाबर आज़म और रिज़वान
पाकिस्तान की टीम घोषणा में सबसे बड़ा बदलाव बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान का बाहर होना है. यह दोनों दिग्गज बल्लेबाज़ एशिया कप ही नहीं, बल्कि टी20 ट्राई सीरीज़ के लिए भी टीम का हिस्सा नहीं बनाए गए हैं. दिसंबर 2024 के बाद से दोनों ने पाकिस्तान के लिए कोई भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. इस फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है.
बाबर के स्ट्राइक रेट पर सवाल
पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन ने बाबर आज़म की गैरमौजूदगी पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि बाबर को टीम से बाहर किए जाने की वजह उनकी फॉर्म नहीं, बल्कि उनका स्ट्राइक रेट और स्पिन गेंदबाज़ों के खिलाफ खेलने की क्षमता है. हेसन ने बताया 'बाबर से कहा गया है कि उन्हें और आक्रामक खेल दिखाना होगा. खासतौर पर स्ट्राइक रोटेशन और स्ट्राइक रेट को लेकर सुधार करना ज़रूरी है.' हेसन ने यह भी जोड़ा कि तीन मैचों के आधार पर किसी खिलाड़ी को आंकना ठीक नहीं है, लेकिन बाबर को अपनी कमियों पर काम करना ही होगा.
खिलाड़ियों पर बढ़ा दबाव, लेकिन तैयारी पूरी
जावेद का मानना है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला खिलाड़ियों के लिए भावनात्मक रूप से हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन टीम इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेगी. उन्होंने कहा कि यह मुकाबला सिर्फ क्रिकेट का खेल नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस की उम्मीदों से जुड़ा होता है. ऐसे में पाकिस्तान को अपनी रणनीति और मानसिक मजबूती दोनों पर बराबर ध्यान देना होगा.
और पढ़ें
- Gold Reserve In Odisha: भारत का लग गया जैकपॉट! ओडिशा के अलग-अलग राज्यों में मिला इतने टन सोने का भंडार
- UPPRPB SI Notification 2025: यूपी एसआई भर्ती को लेकर आपके मन में भी हैं ढेर सारे सवाल? आयोग ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया जवाब
- 78 साल बाद प्रधानमंत्री कार्यालय का नया पता, साउथ ब्लॉक से सेंट्रल विस्टा में होगा ट्रांसफर