menu-icon
India Daily

NEET UG 2026 री-एग्जाम में आज 22 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल, 2 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात

NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा आज देशभर में आयोजित की जा रही है, जिसमें 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित इस परीक्षा के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
NEET UG 2026 री-एग्जाम में आज 22 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल, 2 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात
Courtesy: ANI

देशभर में आज मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है. इस महत्वपूर्ण परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं. पेपर लीक के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने के बाद यह री-एग्जाम कराया जा रहा है. परीक्षा के सुचारु संचालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

NTA के अनुसार देश और विदेश के कुल 564 शहरों में 5,400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें भारत के 551 शहरों के साथ विदेशों के चुनिंदा शहर भी शामिल हैं. परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए दो लाख से अधिक सुरक्षा कर्मियों और हजारों ऑब्जर्वरों को तैनात किया गया है.

हेलिकॉप्टर से सेंटर पर पहुंचा प्रश्नपत्र

इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. पहली बार भारतीय वायुसेना की सहायता से प्रश्नपत्रों को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया गया. एयरफोर्स के विमान और हेलिकॉप्टरों ने 200 से अधिक उड़ानें भरकर संवेदनशील सामग्री को सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया. यह कदम परीक्षा प्रक्रिया में विश्वास बहाल करने के प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है.

री-एग्जाम के नियमों में भी कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. पहले जहां परीक्षा की अवधि 180 मिनट थी, वहीं अब छात्रों को 195 मिनट का समय मिलेगा. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी. दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय की सुविधा भी दी गई है.

कई राज्यों में विशेष सुविधा

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कई राज्यों ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं. परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए कूलिंग जोन बनाए गए हैं, जहां पीने के पानी और ORS जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. दिल्ली, यूपी, पंजाब और उत्तराखंड जैसे राज्यों में फ्री बस सुविधा और स्पेशल ट्रेन चलाया जा रहा है. जिससे छात्र आसानी से अपने सेंटर तक पहुंच सकते हैं.

अफवाहों से बचने की अपील

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने की अपील की है. एजेंसी का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. छात्रों को अपनी तैयारी पर भरोसा रखते हुए शांत मन से परीक्षा देने की सलाह दी गई है.