Asian Games 2026 BRICS 2026

CJP प्रोटेस्ट के बीच बड़ा प्रशासनिक फैसला, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के सचिव हटाए गए

केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार को नया सचिव नियुक्त किया है. वहीं, विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया गया है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: छात्र आंदोलन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर जारी राष्ट्रीय बहस के बीच केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के शीर्ष प्रशासनिक पद पर बदलाव किया है. नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादलों और नई नियुक्तियों को मंजूरी दी है. इसके तहत राजस्थान कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है, जबकि विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, नरेश पाल गंगवार अब शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग का नेतृत्व करेंगे. वह इससे पहले पशुपालन एवं डेयरी विभाग में सचिव के रूप में कार्यरत थे. नई जिम्मेदारी के साथ अब उच्च शिक्षा से जुड़े प्रशासनिक और नीतिगत कार्यों की कमान उनके हाथों में होगी.

विनीत जोशी को मिली नई जिम्मेदारी

मणिपुर कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है. वह 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले विवेक भारद्वाज का स्थान लेंगे. इससे पहले वह उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे.


एसीसी ने दी नियुक्तियों को मंजूरी

कार्मिक मंत्रालय के तहत नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति ने गुरुवार को कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों और नई नियुक्तियों को स्वीकृति दी. सरकार का कहना है कि प्रशासनिक जरूरतों और विभिन्न मंत्रालयों में बेहतर समन्वय को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.

शिक्षा क्षेत्र में फैसले पर रहेगी नजर

उच्च शिक्षा विभाग में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर देशभर में चर्चा जारी है. ऐसे में नए सचिव के सामने उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और नीतिगत विषयों पर प्रभावी काम करने की जिम्मेदारी रहेगी.