तरबूज खाने से नहीं इस जहर से हुई थी मुंबई में 4 लोगों की मौत, फॉरेंसिक रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
मुंबई के भिंडी बाजार में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. विसरा रिपोर्ट में तरबूज के अंदर चूहे मारने की दवा में इस्तेमाल होने वाला जहर मिला है.
मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. मामले की शुरुआती जांच के बाद सामने आई विसरा रिपोर्ट ने पूरे मामले को एक गंभीर मोड़ दे दिया है. रिपोर्ट के अनुसार परिवार ने जिस तरबूज को खाया था, उसमें जिंक फॉस्फाइड नाम का जहरीला पदार्थ मिला है. खास बात यह है कि ये केमिकल आमतौर पर चूहे मारने की दवा में इस्तेमाल किया जाता है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह जहर तरबूज के अंदर पहुंचा कैसे.
रिपोर्ट में हुआ हैरान करने वाला खुलासा
जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस को मृतकों की विसरा रिपोर्ट मिल गई है. इस रिपोर्ट में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार तरबूज के सैंपल की केमिकल जांच में जिंक फॉस्फाइड पाया गया है. यह केमिकल बहुत जहरीला माना जाता है और आमतौर पर चूहा मारने की दवा बनाने में इस्तेमाल किया जाता है. जांच अधिकारियों का कहना है कि अब यह साफ हो चुका है कि 4 लोगों की मौत किसी जहरीली चीज के संपर्क में आने के बाद हुई हैं. हालांकि यह केमिकल तरबूज में कैसे पहुंचा इसका जवाब अभी तक पुलिस के पास नहीं है.
26 अप्रैल को हुई थी दर्दनाक घटना
गौरतलब है कि यह मामला 26 अप्रैल को सामने आया था, जब अब्दुल्ला दोकाडिया नाम के शख्स को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उन्होंने डॉक्टर को बताया था कि परिवार ने पहले बिरयानी खाई और उसके बाद तरबूज खाया था. कुछ ही देर बाद उनकी पत्नी नसरीन और दोनों बेटियों आयशा व जैनब की भी तबीयत खराब हो गई. इन सभी को एक जैसी उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई थी. सभी की हालत तेजी से बिगड़ने पर चारों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था जहां बाद में उनकी मौत हो गई.
शुरुआती जांच में नहीं मिला था कोई भी सबूत
घटना के बाद पुलिस ने अचानक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी. पुलिस की शुरुआती जांच में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने खाने-पीने की चीजों की जांच की थी लेकिन उस समय किसी भी ऐसे केमिकल का पता नहीं चला था जो हानिकारक हो. इसके बाद मृतकों के शरीर से सैंपल लेकर विसरा जांच कराई गई थी. अब उसकी रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को और गहराई से आगे बढ़ाया जा रहा है.
पुलिस अब हर एंगल से कर रही है जांच
करीब 11 दिनों से चल रही जांच के बाद अब मामला धीरे-धीरे साफ होता नजर आ रहा है. पुलिस अधिकारी फिलहाल यह पता लगाने में जुटे हैं कि तरबूज में जिंक फॉस्फाइड जानबूझकर मिलाया गया था या फिर किसी तरह की लापरवाही से यह जहरीला पदार्थ उसमें पहुंच गया. हालांकि अभी तक जांच में किसी आपराधिक साजिश या संदिग्ध एक्टिविटी के सबूत नहीं मिले हैं. इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है.
और पढ़ें
- UP SI RESULT 2026: यूपी में दरोगा भर्ती का रिजल्ट जारी, 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने मारी बाजी; ऐसे करें चेक
- MPESB Recruitment 2026: 10वीं पास युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, एमपी में 1200 सरकारी पदों पर होगी भर्ती; आवेदन लिंक एक्टिव
- RRB NTPC Exam: कल आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा देने के लिए हो जाएं तैयार, लास्ट समय में कैसे करें ज्यादा स्कोर?