असम में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, दो बड़े नेताओं ने दिया इस्तीफा

नगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने भी अपने इस्तीफे में गहरा दुख जताते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से अलग होने की घोषणा की.

Anuj

नई दिल्ली: असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए नगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नवज्योति तालुकदार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. दोनों नेताओं का यह कदम चुनाव से कुछ दिन पहले सामने आया है, जिससे पार्टी पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.

नवज्योति तालुकदार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे अपने इस्तीफे में पार्टी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने लिखा कि लंबे समय से संगठन के भीतर समन्वय की कमी, निर्णय लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव और उनकी शिकायतों पर ध्यान न दिए जाने के कारण उन्होंने यह फैसला लिया है. तालुकदार ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में पार्टी में बने रहना उनके लिए उचित नहीं है. 

संभावित उम्मीदवार को लेकर आपत्ति

वहीं, प्रद्युत बोरदोलोई ने भी अपने इस्तीफे में गहरा दुख जताते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से अलग होने की घोषणा की. उन्होंने हाल ही में पार्टी नेतृत्व को लिखे पत्र में लाहोरीघाट विधानसभा सीट के संभावित उम्मीदवार को लेकर आपत्ति जताई थी. बताया जा रहा है कि टिकट वितरण और उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा था, जिसके चलते यह निर्णय सामने आया.

कांग्रेस को बड़ा झटका

तालुकदार ने अपने इस्तीफे में स्पष्ट किया कि वह तत्काल प्रभाव से उपाध्यक्ष पद, एआईसीसी सदस्यता और प्राथमिक सदस्यता से अलग हो रहे हैं. उन्होंने इसे अपना अंतिम निर्णय बताते हुए पार्टी से इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है. गौरतलब है कि इससे पहले भी कांग्रेस को असम में झटका लग चुका है. फरवरी माह में एपीसीसी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोराह ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था. 

चुनाव की तारीख का ऐलान

चुनाव आयोग ने असम विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार शाम 4 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी. राज्य की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा. वर्तमान असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई 2026 को समाप्त हो रहा है.