'क्योंकि उनका नाम सिराज है...', कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अलापा हिंदू-मुस्लिम राग, बीजेपी ने दिया जवाब
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में मोहम्मद सिराज को मौका नहीं मिलने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया. वहीं बीजेपी ने इसे वोट बैंक की राजनीति बताया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिलने पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज के चयन न होने पर धार्मिक भेदभाव का सवाल उठाया. उन्होंने संकेत दिया कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली, क्योंकि उनका नाम सिराज है. मसूद ने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन अच्छा है और इसके बावजूद उसे टीम में शामिल नहीं किया जाता, तो भेदभाव साफ नजर आता है. उनके इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा.
बीजेपी प्रवक्ता ने भी साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता टीआर श्रीनिवास ने भी इमरान मसूद पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद बार-बार राजनीतिक फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाते हैं. उन्होंने मसूद को सलाह दी कि उन्हें अपनी समुदाय के लोगों की शिक्षा और आर्थिक स्थिति सुधारने जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए.
Also Read
आखिर सिराज को प्लेइंग इलेवन में क्यों नहीं मिली जगह?
मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के पीछे टीम प्रबंधन ने गेंदबाजी संयोजन और मैदान की परिस्थितियों को वजह बताया. भारत ने इस मुकाबले में चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज को मौका दिया.
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने सिराज को बाहर रखने के फैसले का बचाव किया. उन्होंने कहा कि सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है. टीम प्रबंधन ने पांच दिन के पूरे टेस्ट मैच को ध्यान में रखकर सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन चुनी थी. टीम का चयन केवल पहले दिन के प्रदर्शन या परिस्थितियों को देखकर नहीं किया जाता, बल्कि दूसरे, तीसरे और चौथे दिन की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाता है.
अलग-अलग कौशल वाले गेंदबाजों को चुना गया
कोटक ने बताया कि टीम ऐसा गेंदबाजी संयोजन चाहती थी, जिसमें अलग-अलग तरह की गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी हों. इनमें दो गेंदबाज गेंद को स्विंग कराने में सक्षम हों, जबकि दो अन्य तेज गति और सीम मूवमेंट से बल्लेबाजों को चुनौती दे सकें. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान की परिस्थितियों को भी चयन का आधार बनाया गया. यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना थी. टीम प्रबंधन ने इन्हीं परिस्थितियों और पांच दिन के खेल की जरूरतों को देखते हुए सिराज को अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में मोहम्मद सिराज को मौका नहीं मिलने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया. वहीं बीजेपी ने इसे वोट बैंक की राजनीति बताया है.