ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाना चाहते थे पाकिस्तानी मंत्री, भारत सरकार ने नहीं दी अनुमति: सूत्र

SCO बैठक में शामिल होने दिल्ली आए पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाना चाहते थे, लेकिन भारत सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी.

X
Sagar Bhardwaj

पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक इस सप्ताह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं. राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में 20 से 22 नवंबर तक पहला SCO सभ्यतागत संवाद मंच आयोजित किया जा रहा है. इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आए मलिक को लेकर अब एक नई जानकारी सामने आई है.

ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की मांगी थी अनुमति

एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुसादिक मलिक ने भारत दौरे के दौरान आगरा स्थित ताजमहल और दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की इच्छा जताई थी. उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार से अनुमति मांगी थी, लेकिन भारत सरकार ने इसकी मंजूरी नहीं दी. सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी मंत्री को स्पष्ट कर दिया गया कि भारत में उनके कार्यक्रम SCO बैठक तक ही सीमित रहेंगे. उन्हें इसके अलावा किसी अन्य स्थान पर जाने की अनुमति नहीं होगी.

बिलावल भुट्टो के बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री

मुसादिक मलिक का यह दौरा वर्ष 2023 में गोवा में आयोजित SCO बैठक में शामिल होने आए बिलावल भुट्टो जरदारी के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा है. मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी नेता का यह पहला भारत दौरा भी है. भारत ने 28 अक्टूबर को घोषणा की थी कि SCO के सभी सदस्य देशों को बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है. इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने मुसादिक मलिक की भागीदारी की पुष्टि की थी.


विपक्ष ने केंद्र सरकार से पूछे सवाल

पाकिस्तानी मंत्री को भारत बुलाए जाने पर विपक्ष ने केंद्र सरकार की आलोचना की है. विपक्षी दलों ने सवाल उठाया है कि पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत की नीति में ऐसा क्या बदलाव आया, जिसके चलते मंत्री को आमंत्रित किया गया. विपक्ष ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने के भारत के फैसले पर मुसादिक मलिक की आक्रामक टिप्पणियों का भी जिक्र किया है.

2001 में हुई थी SCO की स्थापना

शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना वर्ष 2001 में शंघाई में हुई थी. रूस, चीन, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान इसके संस्थापक सदस्य थे. भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने, जबकि ईरान को 2023 में सदस्यता मिली.

अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान ने SCO के शासनाध्यक्षों की परिषद की बैठक की मेजबानी की थी. इसमें भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल हुए थे. वहीं, भारत ने पिछले महीने SCO के राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी को आगामी शिखर सम्मेलन की तैयारियों से जुड़ी बैठक में हिस्सा लेने के लिए इस्लामाबाद भेजा था.