रेल मंत्रालय ने भारत की पहली प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की तस्वीर शेयर की है. इस तस्वीर को भारतीय रेलवे के गेट नंबर 4 पर लगाया है. भारत की पहली बुलेट ट्रेन अहमदाबाद और मुंबई के बीच फर्राटा भरेगी. मुंबई से अहमदाबाद के बीच बना हाई स्पीड रेड कॉरिडोर 508 किलोमीटर लंबा है जिसमें मुंबई (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स), ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद /नदियाद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं.
1.1 लाख करोड़ की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट की आधारशिला प्रधानमंत्री ने 2017 में अहमदाबाद के साबरमती में रखी थी. पिछले साल की शुरुआत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि कि बुलेट ट्रेन का संचालन अगस्त 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है.
A picture of the country's first proposed bullet train has been displayed at the Ministry of Railways. The picture has been installed at Gate Number 4: Indian Railways pic.twitter.com/LcbwMstDuw
— ANI (@ANI) May 18, 2026
मेहसाना की गणपत यूनिवर्सिटी में पहले वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा था, 'आप जानते हैं कि बुलेट ट्रेन पर कितनी गति से काम हो रहा है. गुजरात में काम बहुत सुचारू रूप से चल रहा है- काम बिछाने का काम पूरा हो चुका है, गार्डर लगाए जा चुके हैं और पटरियों और बिजली के तारों पर काम जारी है. हाल ही में जापान के मंत्री नाकानो ने गुजरात का दौरा किया था और परियोजना की प्रगति की समीक्षा की थी. हमने अगस्त 2027 तक पहली बुलेट ट्रेन चलाने का लक्ष्य रखा है.' इस कॉरिडोर में आठ पहाड़ी सुरगें हैं जिनमें से सात महाराष्ट्र में हैं जिनकी कुल लंबाई 6.05 किलोमीटर है जबकि एक 350 मीटर लंबी सुरंग गुजरात में है.
हाल ही में बुलेट ट्रेन परियोजना के कार्य के लिए मुंबई के विक्रोली में रेल सुरंग खोदने वाली मशीन (TBM) के लिए भारत के सबसे बड़े कटरहेड को नीचे उतारा गया. 13.6 मीटर व्यास और लगभग 350 टन वजनी कटरहेड, टीबीएम के मुख्य शील्ड की प्राथमिक असेंबली का अंतिम चरण था. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बताया कि इस मशीन का उपयोग हाई स्पीड रेल मार्ग के साथ भूमिगत सुरंग के एक हिस्से की खुदाई के लिए किया जाएगा. मुंबई में 21 किलोमीटर लंबी सुरंग के 16 किलोमीटर खंड के निर्माण के लिए वर्तमान में दो टीबीएम मशीनों को असेंबल किया जा रहा है जिसमें से प्रत्येक का बजन 3000 टन से अधिक है.
पिछले साल की शुरूआत में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि देश की पहली बुलेट ट्रेन सेवा अगस्त 2027 तक अहमदाबाद के वापी खंड पर 100 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए परिचालन शुरू कर देगी. उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन अहमदाबाद और मुंबई के बीच 508 किलोमीटर की यात्रा एक घंटे और 50 मिनट में पूरी कर लेगी.