menu-icon
India Daily

मौसम विभाग जारी किया अलर्ट, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान का खतरा

 दक्षिण के दो राज्य तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 दिसंबर की शाम के आसपास आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और तमिलनाडु के चेन्नई के समुद्र तट को पार करने का अनुमान जताते हुए चक्रवाती तूफान की भविष्यवाणी की है.

Avinash Kumar Singh
मौसम विभाग जारी किया अलर्ट, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान का खतरा

हाइलाइट्स

  • तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान का खतरा
  • चेन्नई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश

नई दिल्ली: दक्षिण के दो राज्य तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 दिसंबर की शाम के आसपास आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और तमिलनाडु के चेन्नई के समुद्र तट को पार करने का अनुमान जताते हुए चक्रवाती तूफान की भविष्यवाणी की है. आईएमडी बुलेटिन के अनुसार कल दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र पिछले 12 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है. 

'चक्रवाती तूफान की आंशका'

आईएमडी ने आगे कहा कि पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, दो दिसंबर तक गहरे दबाव में तब्दील होने और तीन दिसंबर के आसपास बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका जताई गई है. यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और चक्रवाती तूफान के रूप में चार दिसंबर की शाम के आसपास चेन्नई और मछलीपट्टनम के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश और निकटवर्ती उत्तरी तमिलनाडु तट को पार करेगा.

'चेन्नई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश' 

इससे पहले मौसम विज्ञान केंद्र चेन्नई ने शुक्रवार सुबह राज्य में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ हल्की आंधी और बिजली गिरने की भविष्यवाणी की थी. मौसम विज्ञान केंद्र चेन्नई ने कहा कि अगले तीन घंटों में तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, नागपट्टिनम और रामनाथपुरम जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की आंधी और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने यह भी कहा कि कुछ क्षेत्रों में जलभराव का अनुभव किया जाएगा. कुछ क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हो सकता है. ढीली/असुरक्षित संरचनाओं के कारण मामूली क्षति होगी.

यातायात जाम, स्कूल कॉलेज बंद 

वहीं तमिलनाडु के चेन्नई के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भी भारी बारिश जारी रहने से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जिससे निचले इलाकों में जलजमाव हो गया, यातायात जाम हो गया और स्कूल एवं कॉलेज बंद रहे. लोगों को रेनकोट पहने और छाते का सहारा लेकर बारिश के पानी से भीगी हुई सड़कों से गुजरते देखा गया.