menu-icon
India Daily

बंगाल: बीरभूम में तारापीठ मंदिर के पास होटल में लगी आग, 7 लोगों की जलकर मौत

पश्चिम बंगाल के बिरभूम जिले के तारापीठ मंदिर शहर में एक निजी होटल में भीषण आग लग गई. इस हादसे में करीब सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई.

Shilpa Shrivastava
बंगाल: बीरभूम में तारापीठ मंदिर के पास होटल में लगी आग, 7 लोगों की जलकर मौत
Courtesy: X

बिरभूम: पश्चिम बंगाल के बिरभूम जिले के तारापीठ मंदिर शहर में एक निजी होटल में भीषण आग लग गई. इस हादसे में करीब सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. बता दें कि आग सुबह करीब 4 बजे चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर लगी. आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची. दमकलकर्मी तुरंत ही आग बुझाने में लग गए. स्थानीय लोगों ने भी इस काम में मदद की. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन लोग डर रहे हैं कि मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है.  

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग होटल के एक एसी यूनिट से शुरू हुई और तेजी से फैल गई. शुरुआती जांच में पता चला है कि होटल में बुनियादी फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं थे. फायर अलार्म भी सही समय पर नहीं बजा. अधिकारियों द्वारा बाद में विस्तृत जांच की जाएगी.

क्या है पुलिस का कहना?

बीरभूम के ASP नीलेश श्रीकांत गायकवाड़ कहते हैं, "कोशिशें अभी भी जारी हैं. सभी को रामपुरहाट अस्पताल भेज दिया गया है. अब तक 11-12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हम अभी और कोई जानकारी नहीं दे सकते."

हादसे में कई लोग हुए घायल:

इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं. उन्हें रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया. घटना उस समय हुई जब तारापीठ के प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे.  कोलकाता से आई एक महिला मेहमान ने बताया कि पूरा होटल धुएं से भर गया. कई लोग भाग नहीं सके. सांस लेने में भी दिक्कत हुई. उन्होंने कहा, “अचानक पूरा होटल धुएं से घिर गया. हमें सांस नहीं आ रही थी और भागने का रास्ता ढूंढना मुश्किल हो गया.”