menu-icon
India Daily

19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, 85 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें मौसम का हाल

मानसून के बीच मौसम विभाग ने 17 अगस्त को देश के 19 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और पहाडी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, 85 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें मौसम का हाल
Courtesy: ANI

इस समय मानसून देश के कई हिस्सों में एक्टिव है. मौसम विभाग ने 17 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, सिक्किम, असम और केरल में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. 

पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा है. पहाडी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका जताई गई है. तेज हवा के कारण कमजोर और बडे पेड गिर सकते हैं. ऐसे में लोगों को जंगल और खुले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-UP में बिगडे़गा मौसम

दिल्ली में आज बारिश की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अनुमान है.

बिहार के कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पटना में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है. झारखंड में आज और 18 अगस्त को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. रांची समेत खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ, हजारीबाग, गिरिडीह, दुमका और चतरा में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

पहाडी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं की भी जानकारी दी गई है. उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, चमोली, अल्मोडा, बागेश्वर और पौडी गढवाल में मौसम खराब रह सकता है. हिमाचल के कांगडा, शिमला, सोलन, मंडी, चंबा और किन्नौर में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर में भी कई जिलों में भारी बारिश और 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है.

इन राज्यों पर भी मानसून का असर

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. पंजाब में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है. राजस्थान में जयपुर, अलवर, अजमेर और भरतपुर समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है. मध्य प्रदेश और गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं. नदी और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने के साथ लोगों को खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.