शनिवार को अहमदाहाद के महमूदपुरा में पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 12 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है. घटना स्थल पर राहत व बचाव अभियान जारी है.
हादसे की जानकारी मिलने की महापौर और मनपा आयुक्त ने घटनास्थल का दौरा किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं लगाया जा सका है. यह आग महमूदपुरा टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में लगी. सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों और एम्बुलेंस सहित एक काफिला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा. शुरुआती जांच में इस हादसे में 8 लोगों के मारे जाने और 12 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है. घायलों और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है.
🔸અમદાવાદમાં ફટાકડાની ફેક્ટરીમાં લાગી ભયંકર આગ
— DD News Gujarati (@DDNewsGujarati) July 18, 2026
🔸ટેલેન્ટ નામની ફટાકડાની ફેક્ટરીમાં જીવલેણ દુર્ઘટના#ahmedabadfire #fire #FIRE pic.twitter.com/PDH3Id31Fa
बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति की थी. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है. ताजा जानकारी के मुताबिक आग पर काबू पा लिया गया है.
अग्निकांड को लेकर अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि फैक्ट्री झोपड़ी जैसी जगह पर चल रही थी जिसके कारण आग लगी.
प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है। मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'