SIR

पत्नी के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, विजिटर बुक में लिखा खास मैसेज

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज अपनी पत्नी जेनेट रूबियो के साथ ताजमहल के दौरे पर पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने ताजमहल के विजिटर बुक पर नोट में लिखा है.

ANI
Shanu Sharma

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज यानी सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट रुबियो के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल को दुनिया के प्रेम के खजानों में से एक बताया. रूबियो इस समय भारत के चार-दिवसीय यात्रा पर हैं.

स्थानीय अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक रूबियो सुबह लगभग 10 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर एक विशेष विमान से पहुंचे और फिर यहां कार के माध्यम से ताजमहल के पूर्वी गेट के पास एक होटल तक गए. भीषण गर्मी के बावजूद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वह गोल्फ कार्ट से स्मारक तक पहुंचे.

मार्को रुबियो के साथ और कौन पहुंचा?

मिल रही जानकारी के मुताबिक मार्को रुबियो के साथ भारत में मौजूद US के राजदूत सर्जियो गोर भी पहुंचे. उन्होंने भी इस संगमरमर के मकबरे में लगभग एक घंटे समय बिताया. रूबियो ने विजिटर्स बुक पर नोट में लिखा कि हमें दुनिया के प्रेम के खजानों में से एक का दौरा करने की अनुमति देने के लिए धन्यवाद. इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी के साथ ताजमहल के सामने कई फोटो भी खिंचवाए.


अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इस हाई-प्रोफाइल दौरे के दौरान ताजमहल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी. स्मारक परिसर के अंदर पहले से मौजूद पर्यटकों को सुरक्षाकर्मियों द्वारा अस्थायी रूप से बाहर जाने के लिए कहा गया था. शनिवार को भारत पहुंचने के बाद रूबियों ने सेवा तीर्थ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की.

भीषण गर्मी में ताजमहल का दौरा

रुबियो मंगलवार सुबह नई दिल्ली लौटने से पहले जयपुर का भी दौरा करने वाले हैं. जहां वे Quad विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जब रूबियो ताजमहल का यह दौरा करने पहुंचे तब आगरा में भीषण गर्मी का प्रकोप चल रहा है. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इस समय हीट वेव का प्रकोप चल रहा है. इसके बाद भी रूबियो ताजमहल के दौरे पर पहुंचे. आगरा के बाद रुबियो की जयपुर की यात्रा तय की गई है. राजस्थान में भी इस समय लू का कहर जारी है. इसी बीच अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो राजस्थान के दौरे पर पहुंचेंगे.