menu-icon
India Daily

6,000 करोड़ के पुणे ड्रग मामले में बड़ी कार्रवाई, UAE से भारत लाया गया आरोपी वीरेंद्र बैसोया

ड्रग मामले में भारतीय एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. ड्रग सिंडिकेट के बड़े माफिया वीरेंद्र बैसोया को संयुक्त अरब अमीरात से भारत वापस लाया गया है. वह 6,000 करोड़ रुपये के पुणे ड्रग मामले में मुख्य आरोपी संदीप धुनिया का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
6,000 करोड़ के पुणे ड्रग मामले में बड़ी कार्रवाई, UAE से भारत लाया गया आरोपी वीरेंद्र बैसोया
Courtesy: X (@Journo_Karan)

6,000 करोड़ रुपये के चर्चित पुणे ड्रग मामले में वांछित आरोपी वीरेंद्र बैसोया को UAE से भारत लाया गया है. अधिकारियों के अनुसार, बैसोया को दुबई में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे भारत भेजा गया. उसे एयर इंडिया की उड़ान AI 4310 से शुक्रवार को भारत लाया गया.

भारतीय जांच एजेंसियां लंबे समय से बैसोया की तलाश कर रही थीं. उसके खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका था. जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह इस मामले के मुख्य आरोपी संदीप धुनिया का करीबी सहयोगी है.

मुख्य आरोपी संदीप धुनिया पाकिस्तान भागा

जांच के दौरान सामने आया है कि बैसोया का संबंध कथित ड्रग सिंडिकेट से रहा है. मामले का मुख्य आरोपी संदीप धुनिया दुबई से पाकिस्तान भागने में कामयाब रहा था. ऐसे में बैसोया की गिरफ्तारी और भारत वापसी को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है. भारतीय एजेंसियों को उम्मीद है कि बैसोया से पूछताछ के जरिए ड्रग तस्करी के नेटवर्क, उसके सहयोगियों और विदेशों से संचालित गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैसोया को भारत वापस लाए जाने का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नशीले पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है. शाह ने कहा कि भारतीय एजेंसियां विदेशों में छिपे ड्रग तस्करों का पता लगा रही हैं और उनके पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए काम कर रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अपराधी दुनिया के किसी भी हिस्से में छिप जाएं, भारतीय कानून की पहुंच से बचना उनके लिए आसान नहीं है.

विशाखा राठौड़ भी UAE से लाई गई थीं

बैसोया की भारत वापसी ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही 88 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित विशाखा राठौड़ को UAE से भारत लाया गया था. वह कथित तौर पर धोखाधड़ी के आरोपी अविनाश राठौड़ की पत्नी हैं. विशाखा के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था. उन्हें 3 अगस्त को UAE से भारत लाकर पुणे पहुंचाया गया था.

केंद्रीय जांच ब्यूरो के अनुसार, उन पर निवेशकों को निश्चित मासिक लाभ का भरोसा देकर अलग-अलग योजनाओं में पैसा लगाने के लिए प्रेरित करने की आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप है. उनकी गिरफ्तारी और भारत वापसी में CBI ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, UAE अधिकारियों और इंटरपोल के साथ समन्वय किया था. फिलहाल विशाखा महाराष्ट्र पुलिस की हिरासत में हैं.