Maharashtra Scam: महाराष्ट्र की बहुप्रचारित "लाडकी बहिन योजना" में बड़ा घोटाला सामने आया है. यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक मदद के लिए शुरू की गई थी, लेकिन अब पता चला है कि 14,298 पुरुषों ने इस योजना के तहत 21 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि अवैध रूप से प्राप्त कर ली. यह योजना अगस्त 2024 में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई थी और इसे बीजेपी व महायुति की चुनावी जीत में एक निर्णायक फैक्टर माना गया था.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने ₹1,500 जमा कराने का वादा किया था लेकिन अब यह सामने आया है कि तकनीकी खामियों या जानबूझकर की गई धांधलियों के चलते हजारों मर्दों ने इसका फायदा उठा लिया.
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इस खुलासे पर सख्त प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “यह योजना गरीब महिलाओं के लिए थी, न कि पुरुषों के लिए. अब इन सभी से एक-एक पैसा वसूला जाएगा. अगर वे पुलिस जांच में सहयोग नहीं करते तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”
सरकार के अन्य मंत्री भी इस मामले में गंभीर नजर आ रहे हैं. खेल मंत्री दत्तात्रेय भारणे और मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जांच की जा रही है.
वहीं एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने मामले को और भी गंभीर बताते हुए कहा कि ईडी और सीबीआई को उन ठेकेदारों के खिलाफ जांच करनी चाहिए जिन्हें महिलाओं से योजना के फॉर्म भरवाने का काम सौंपा गया था. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बिना जांच और सत्यापन के लाखों फॉर्म भरवाए गए, जिससे यह घोटाला हुआ.
इससे पहले भी सरकार ने मार्च में कहा था कि कुछ अपात्र महिलाओं से भी योजना का पैसा वापस लिया जाएगा लेकिन अब जब पुरुषों द्वारा सीधे लाभ उठाने का मामला सामने आया है, तो सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है.
यह घोटाला उस योजना में सामने आया है, जिसने बीजेपी और उसके सहयोगी दलों को महाराष्ट्र की 288 में से 230 सीटें जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी. अब यह देखना होगा कि सरकार दोषियों पर कितनी कार्रवाई करती है और क्या महिलाओं को उनका हक दोबारा दिलाया जाएगा.