menu-icon
India Daily

Blinkit, Zepto और Instamart पर FDA का शिकंजा, एक्सपायर्ड खाना और कॉकरोच मिलने के बाद 14 लाइसेंस सस्पेंड

महाराष्ट्र FDA ने क्विक कॉमर्स और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 86 ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच के बाद 14 लाइसेंस निलंबित किए गए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Blinkit, Zepto और Instamart पर FDA का शिकंजा, एक्सपायर्ड खाना और कॉकरोच मिलने के बाद 14 लाइसेंस सस्पेंड
Courtesy: Pinterest

मुंबई: महाराष्ट्र में ऑनलाइन क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े फूड बिजनेस पर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA ने बड़ी कार्रवाई की है. राज्यभर में 13 अगस्त को हुई विशेष जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं. 

जांच के बाद FDA ने 14 फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए. इनमें Blinkit के पांच, Zepto के पांच और Instamart के दो लाइसेंस शामिल हैं. इसके अलावा Bhagwati Store और Swinsta ENT Pvt Ltd के एक एक लाइसेंस पर भी कार्रवाई की गई है.

कितने प्रतिष्ठानों की हुई जांच?

FDA ने क्विक कॉमर्स और ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े कुल 86 प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान 60 सुधार नोटिस जारी किए गए और एक प्रतिष्ठान को तत्काल कारोबार बंद करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि जांच में खाद्य पदार्थों की स्टोरेज, तापमान नियंत्रण, सफाई, कीट नियंत्रण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, FIFO और FEFO नियमों तथा FSSAI लाइसेंस की जांच की गई.

पुणे के लोहगांव स्थित एक Zepto सुविधा केंद्र में घोषित Use By तारीख के बाद के खाद्य उत्पाद पाए गए. यहां FIFO और FEFO नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था. स्टोरेज और कीट नियंत्रण व्यवस्था में भी गंभीर कमियां मिलीं. पुणे के वारजे जकात नाका स्थित Swinsta ENT Pvt Ltd में कॉकरोच का संक्रमण, फ्रोजन खाद्य पदार्थों के लिए खराब कोल्ड चेन और तापमान नियंत्रण में खामियां मिलीं.

FDA ने क्या बताया?

मुंबई के मालाड वेस्ट स्थित Blinkit सुविधा केंद्र में चिलर रूम का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पाया गया. FDA ने बताया कि करीब 40 फूड हैंडलर्स की मेडिकल जांच के रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे. कई कर्मचारी हेड कवर, एप्रन और दस्ताने के बिना काम करते मिले. स्टोरेज व्यवस्था, खराब रैक और अलग अलग प्रकार के खाद्य पदार्थों के उचित सेग्रीगेशन में भी कमियां सामने आईं.

घाटकोपर स्थित एक अन्य Blinkit केंद्र में ड्रेनेज और कचरा निपटान की व्यवस्था खराब मिली. फ्रोजन खाद्य पदार्थों के तापमान नियंत्रण में भी समस्या पाई गई. खुले खाद्य पदार्थों वाले स्टोरेज क्षेत्र में लाइटिंग भी सुरक्षित नहीं थी. इस केंद्र को 74 में से केवल 34 अंक मिले और इसे गैर अनुपालक घोषित किया गया.

जांच में क्या आया सामने?

Zepto और Instamart के कई केंद्रों में भी फर्श पर खाद्य पैकेट रखने, जगह की कमी, तापमान नियंत्रण, सफाई, रोशनी और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसी कमियां सामने आईं. डिलीवरी सिस्टम भी जांच के दायरे में रहा. सतारा के कराड में Blinkit के 125 दोपहिया डिलीवरी राइडर्स की जांच की गई, जिनके पास पहचान पत्र और मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड नहीं मिले.

क्या-क्या हुआ जब्त?

FDA ने अभियान के दौरान दूध और दूध उत्पादों समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की. इसके अलावा प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखा की बिक्री को लेकर 10 FIR दर्ज हुईं और नौ लोगों की गिरफ्तारी की गई. FDA ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की भी जांच की, जहां 49 सुधार नोटिस और चार लाइसेंस निलंबित किए गए.