Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए काफी इंतजार के बाद अब कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी होने वाली है, लेकिन उससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सीट फाइनल हो गई है. पार्टी सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी केरल के वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. उम्मीद है कि कल यानी 8 मार्च को कांग्रेस अपनी पहली सूची जारी कर सकती है.
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की गुरुवार को दिल्ली में अहम बैठक हुई है. इस बैठक में राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के नामों को अंतिम रूप दिया गया है. साथ ही कांग्रेस सूत्रों की ओर से कहा गया है कि कल यानी 8 मार्च को पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है.
वर्तमान में राहुल गांधी केरल के वायनाड से ही सांसद हैं. ये दूसरी बार है जब राहुल गांधी वायनाड से लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं. हालांकि केरल में इस वक्त राजनीतिक उठापटक का दौर चल रहा है. केरल में एलडीएफ की सरकार है. आज के घटनाक्रम की बात करें तो कांग्रेस की दिग्गज नेता पद्मजा वेणुगोपाल ने कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा का साथ अपना लिया है.
दिल्ली में हुई कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी समेत कई वरिष्ठ पार्टी मौजूद रहे. इस दौरान सभी राज्य इकाइयों से भेजे गए प्रस्तावों और नामों पर विचार किया गया है. उसके बाद लिस्ट में प्रत्याशियों के नामों को फाइनल करते हुए मोहर लगाई गई है.
कांग्रेस की ओर से गहन मंथन के बाद लोकसभा प्रत्याशियों की लिस्ट तैयार की गई है. सूत्रों की मानें तो छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल राजनांदगांव से कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं. वहीं ज्योत्सना महंत को कोरबा सीट से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है. उम्मीद है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़, दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, लक्षद्वीप समेत उत्तर-पूर्व के राज्यों में प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती है.
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने 195 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट 2 मार्च को जारी कर दी थी. इस लिस्ट में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेताओं के नाम शामिल थे. इस लिस्ट में 28 महिला प्रत्याशियों के साथ केंद्रीय 34 मंत्री भी शामिल थे.