नई दिल्ली. अगले साल लोकसभा के चुनाव होने है. विपक्ष इस चुनाव में मोदी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए हर पैंतरे अपना रही है. इसके लिए 26 दलों ने मिलकर I.N.D.I.A नाम का गठबंधन बनाया है. हालांकि इस गठबंधन में अभी भी आपसी खींचातानी चल रही है. इसमें शामिल दो प्रमुख दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मतभेद अभी तक खत्म नहीं हुए हैं, ऐसे में इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लग सकता है. उससे पहले अरविंद केजरीवाल मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका दे सकते हैं.
इसी साल के अंत में मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में 'आप' इनमें से कुछ राज्यों में भी अकेले चुनाव लड़ने का फैसला करती है तो कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है.
छत्तीसगढ़ में 'आप' की हुंकार
19 अगस्त यानी आज आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में कार्यक्रम करने जा रही है. इसमें आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह भी शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं. रैली में राज्य के कोने-कोने में मौजूद आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है. पार्टी के दो प्रमुख नेताओं के छत्तीसगढ़ में रैली करने से कांग्रेस को घाटा हो सकता है. आंकड़े यही कहते हैं कि जहां-जहां आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ा है, वहां -वहां कांग्रेस कमजोर नजर आई है.
रविवार को एमपी में 'आप' करेगी रैली
19 अगस्त को छत्तीसगढ़ में रैली करने के बाद 20 अगस्त को 'आप' मध्य प्रदेश के रीवा में रैली हुंकार भरेंगे. 'आप' के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज सिंह ने बीते बुधवार बताया था कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है. आप के इस हुंकार से कांग्रेस को नुकसान हो सकता है.
दिल्ली की सीटों को लेकर विवाद
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर हाल ही में कांग्रेस नेता अलका लांबा ने बयान देते हुए कहा था कि उनकी पार्टी दिल्ली की सभी सातों सीटों पर चुनाव लड़ेगी. इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक में शामिल होने का कोई औचित्य नहीं है. इसके बाद कांग्रेस को सफाई देनी पड़ी थी की अलका दिल्ली की लोकसभा सीटों पर बोलने के लिए अधिकृत नहीं हैं.
आप तोड़ेगी कांग्रेस का किला?
विपक्ष द्वारा बनाए गए इंडिया गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कभी खुलकर कुछ नहीं बोला है. ऐसे में कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव जाने से पहले आम आदमी पार्टी की इस गठबंधन से किनारा कर सकती है. राजनीतिक पंडितों का तो यही कहना है. अगर ऐसा हुआ तो आम आदमी पार्टी, कांग्रेस का खेल बिगाड़ सकती है. अगर विधानसभा चुनाव में आप अकेली चुनावी मैदान में उतरती है तो इसका यह मतलब होगा की 2024 का लोकसभा चुनाव भी वह अकेले ही लड़ेगी.
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में लोकसभा की 40 सीटें हैं. अगर इंडिया गठबंधन से आम आदमी पार्टी किनारा करती है तो इसमें कांग्रेस को ही घाटा होगा. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है. अरविंद केजरीवाल जाहिर तौर पर कई सीटों पर प्रत्याशी उतारकर खेल बिगाड़ सकती है.
'INDIA' गठबंधन पर उठ रहे सवाल
अब सवाल ये उठता है कि क्या आम आदमी पार्टी, इंडिया गठबंधन से अलग चल रही है? क्योंकि जिस तरह से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में आप अपने कार्यक्रम करने जा रही है उसे देखकर तो यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि INDIA गठबंधन कमजोर हो रहा है. 2024 तक इसमें शामिल 26 पार्टियां एक साथ रह पाएंगी या नहीं इसको लेकर भी कई तरह के सवाल पनप रहे हैं.
यह भी पढ़ें- मॉब लिंचिंग से दहल उठा राजस्थान, लकड़ी काटने गए युवकों को भीड़ ने पीटा, 1 की मौत