सिया ने केतन को धक्का दिया, फिर ChatGPT से पूछा 'शोक कैसे जताएं' और 'पुलिस से कैसे बचें'

महाराष्ट्र के लोहागढ़ किले में मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है.

X
Sagar Bhardwaj

महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले में 18 जून 2026 को हुई केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत के मामले में पुणे पुलिस ने 5,053 पन्नों की विशाल चार्जशीट दाखिल की है. शुरुआत में इसे एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच के बाद पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दो साथियों (चेतन चौधरी और रितेश हांगे) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया. आरोप है कि सिया ने केतन को जानबूझकर गहरी खाई में धक्का दिया था.

डिजिटल सबूतों ने खोली आरोपी सिया की पोल

चार्जशीट के मुताबिक, सिया के फोन की फोरेंसिक जांच में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. मंगेतर की हत्या करने के बाद सिया ने AI चैटबॉट 'ChatGPT' पर सर्च किया कि मंगेतर की मौत के बाद 'शोक कैसे व्यक्त करें' और 'पुलिस की जांच से कैसे बचें'. इसके अलावा उसने मीडिया कवरेज देखने, डिलीट हुई व्हाट्सएप चैट को पुलिस द्वारा रिकवर करने की क्षमता और डेटा हासिल करने के तरीकों के बारे में भी इंटरनेट पर सर्च किया था.

क्राइम फिल्में देखकर रची गई साजिश?

पुलिस ने फोरेंसिक विश्लेषण के जरिए 11 डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट्स समेत लगभग 1,801 डिजिटल संवादों और 9,200 से अधिक वीडियो की जांच की. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपराध को अंजाम देने से पहले 'बदला', 'इत्तेफाक', 'चोर निकल के भागा' और 'हिट: द फर्स्ट केस' जैसी क्राइम फिल्में देखी थीं.


4 दिन पहले भी की थी धक्का देने की कोशिश

चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि 14 जून (घटना से 4 दिन पहले) भी सिया ने केतन को उसी जगह से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह नाकाम रही थी. इससे पहले 31 मई को उसने केतन को उसी स्थान पर खड़ा करके अलग-अलग एंगल से तस्वीरें ली थीं, जिससे साजिश की प्लानिंग का शक गहराता है. फिलहाल यह पूरा मामला अदालत में विचारधीन है.