LIC निवेश घोटाले में CBI की बड़ी कार्रवाई: RCom और 3 अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 3,750 करोड़ रुपये के LIC निवेश घोटाले में रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom) और पूर्व LIC अधिकारी समेत चार के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है.

ani
Sagar Bhardwaj

LIC से जुड़े करोड़ों रुपये के निवेश घोटाले के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की. एजेंसी ने मुंबई की विशेष CBI अदालत में रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) और तीन अन्य प्रमुख लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है.

इन आरोपियों में रिलायंस ADA ग्रुप के ग्रुप एमडी अमिताभ झुनझुनवाला, रिलायंस कैपिटल के सीनियर वीपी विश्वास जोशी और LIC के तत्कालीन मुख्य निवेश अधिकारी (CIO) पी. वेणुगोपाल शामिल हैं. इन सभी पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप तय किए गए हैं.

1,500 करोड़ का फंड डायवर्जन और 3,750 करोड़ का नुकसान

CBI जांच में सामने आया है कि साल 2012 में LIC ने RCom द्वारा जारी 1,500 करोड़ रुपये के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) में निवेश किया था. आरोप है कि यह निवेश झूठे दस्तावेजों और भ्रामक जानकारियों के आधार पर कराया गया.


NCD से जुटाई गई इस राशि को बाद में एडीए (ADA) ग्रुप की अन्य कंपनियों में ट्रांसफर कर दिया गया. इससे सार्वजनिक संस्था LIC को कुल 3,750 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा, जबकि आरोपी कंपनियों ने अनुचित लाभ कमाया.

 सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जारी है जांच

यह मामला 1 अप्रैल 2026 को LIC द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद शुरू हुआ था. CBI की दिल्ली स्थित BSFB यूनिट ने रिलायंस ADA ग्रुप की विभिन्न कंपनियों के खिलाफ बैंकों, LIC और EPFO की शिकायतों पर कुल 9 एफआईआर (FIR) दर्ज की हैं.

यह CBI द्वारा दाखिल की गई 8वीं चार्जशीट है और इस मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इन सभी मामलों की जांच खुद सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में चल रही है.