असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

Kolkata Sairang Express Derailment: असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया. गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई.

ANI X
Shilpa Srivastava

Kolkata Sairang Express Derailment: असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया. गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन का इंजन और कई डिब्बे ट्रैक से नीचे उतर गए. इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.

यह ट्रेन मिजोरम के सैरांग से कोलकाता की ओर जा रही थी. हादसा 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:54 बजे हुआ. शुरुआत में कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में रेलवे ने राहत भरी जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

डिगारू स्टेशन पर कैसे हुआ हादसा?

रेलवे की शुरुआती जानकारी के अनुसार, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरे ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए रोका जा रहा था. इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार को नियंत्रित नहीं कर पाए और ट्रेन के इंजन सहित कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए.


रेलवे के शुरुआती बयान में ट्रेन के इंजन और पांच डिब्बों के पटरी से उतरने की पुष्टि की गई है. हालांकि, घटना के तुरंत बाद कुछ शुरुआती रिपोर्टों में सात डिब्बों के पटरी से उतरने की बात कही गई थी. हादसे के सही कारणों और नुकसान का आकलन करने के लिए आगे की जांच की जा रही है.

रेलवे के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे:

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया. रेलवे जोन के जनरल मैनेजर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए. अधिकारियों का उद्देश्य मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की निगरानी करना है.

रेलवे की टीम प्रभावित ट्रैक और ट्रेन के डिब्बों की स्थिति का भी आकलन कर रही है. फिलहाल, दुर्घटनास्थल पर रेलवे परिचालन कब तक सामान्य होगा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था:

हादसे के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की है. कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों को दूसरी ट्रेन के जरिए आगे भेजा जा रहा है, ताकि उन्हें ज्यादा परेशानी न हो. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सभी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है. राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ रेल सेवाओं को सामान्य करने की कोशिश भी जारी है.

कोलकाता से मिजोरम को जोड़ती है यह ट्रेन:

कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पश्चिम बंगाल के कोलकाता को मिजोरम के सैरांग से जोड़ती है. यह ट्रेन यात्रियों के लिए लंबी दूरी की महत्वपूर्ण रेल सेवा है. डिगारू स्टेशन के पास हुई इस घटना के बाद रेलवे परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ सकते हैं.