menu-icon
India Daily

'हमें पैसे नहीं, न्याय चाहिए', कोलकाता कांड की शिकार पीड़िता के पिता का दर्द

Kolkata Misdeed Murder Case: कोलकाता में रेप और हत्या मामले में पीड़िता के पिता का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि हमें किसी भी तरह का मुआवजा या पैसा नहीं चाहिए. मुझे मेरी बेटी के लिए न्याय की जरूरत है और मैं सरकार के साथ-साथ कोर्ट से बस न्याय चाहता हूं. सूत्रों ने दावा किया कि पीड़ित परिवार को मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपए देने की पेशकश की गई थी, लेकिन परिवार ने इस रकम को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. गुरुवार को सीबीआई ने पीड़िता के पिता के उनके बयान दर्ज किए.

India Daily Live
'हमें पैसे नहीं, न्याय चाहिए', कोलकाता कांड की शिकार पीड़िता के पिता का दर्द
Courtesy: social media

Kolkata Misdeed Murder Case: कोलकाता के आरजी (राधागोविंद) कर अस्पताल में बलात्कार और हत्या की पीड़िता के पिता ने मुआवजा राशि लेने से इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि मुझे तो बस न्याय चाहिए. सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता के परिवार को सरकार ने मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपये की पेशकश की थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया. उन्होंने कहा कि अगर मैं अपनी बेटी की मौत के लिए पैसे लेता हूं, तो इससे उसे दुख होगा, इसलिए हमें अपनी बेटी के लिए सिर्फ न्याय चाहिए. मामले की जांच में जुटी सीबीआई ने पीड़िता के माता-पिता के बयान दर्ज किए. इस दौरान सीबीआई ने पीड़िता की डायरी भी ली.

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पीड़िता के पिता ने याद किया कि चेस्ट मेडिसिन में एमडी करने के लिए सरकारी कॉलेज में जगह पाने के लिए उसने दो साल पढ़ाई की थी. उसके पास दो विकल्प थे, पहला- जेएनएम कल्याणी मेडिकल कॉलेज और दूसरा- आरजी कर मेडिलकल कॉलेज. उन्होंने कहा कि हम सभी ने सोचा था कि आरजी कर के साथ मेरी बेहतर सुविधाओं वाले मेट्रो शहर में होगी. इसलिए, दूरी के बावजूद, उसने इसे चुना. लेकिन अब लगता है कि उसके लिए जेएनएम चुनना बेहतर होता. 

मेरे साथ जो भी फिलहाल खड़े हैं, वे मेरे बेटे और बेटी हैं: पीड़िता के पिता

पीड़िता के पिता ने कहा कि हम पैसे क्यों लेंगे? हमने मुआवज़ा लेने से मना कर दिया है और भविष्य में भी नहीं लेंगे. उन्होंने आगे कहा कि मैं हमारे साथ खड़े सभी लोगों को अपना बेटा और बेटी मानते हैं. पीड़िता के पिता ने कहा कि सीबीआई ने परिवार को आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कड़ी सजा दी जाएगी.

पीड़िता के माता-पिता और रिश्तेदारों का कहना है कि हमारी बेटी हमेशा से डॉक्टर बनना चाहती थी. पीड़िता के पिता के मुताबिक, मेरी बेटी ने मेडिकल और इंजीनियरिंग दोनों एंट्रेंस एग्जाम में में अच्छी रैंक हासिल की थी, लेकिन अपने दिल की बात मानकर मेडिसिन की पढ़ाई की. आरजी कर से पहले, वो शुरू में मालदा के एक अस्पताल में शामिल हुई थी, लेकिन बाद में घर के नज़दीक होने के कारण नादिया में एक अस्पताल में चली गई. उन्होंने याद करते हुए बताया कि मेरी बेटी ने 2018 में एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी. घटना के दिन वो चेस्ट मेडिकल डिपार्टमेंट में ऑन-कॉल ड्यूटी डॉक्टर थीं. 

क्रिकेटर मिताली राज बोलीं- पूरी सख्ती से दंड देना चाहिए 

इंडियन वूमन क्रिकेट टीम की पूर्व कैप्टन मिताली राज ने एक्स पोस्ट में कहा कि कोलकाता में एक डॉक्टर के साथ क्रूर बलात्कार और हत्या एक भयावह है. जो लोग दूसरों को ठीक करने और बचाने के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं, वे भी हिंसा के शिकार हो रहे हैं. ये दुखद है कि जिसने दूसरों की रक्षा और देखभाल करने की कसम खाई थी, वो इस तरह के जघन्य कृत्य का शिकार हो गया. बलात्कारियों को कानून की पूरी सख्ती से दंडित किया जाना चाहिए. हर महिला को सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान का अधिकार है.

डीएमके सांसद कनिमोझी ने गुरुवार को अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए एक्स का सहारा लिया. उन्होंने लिखा कि कोलकाता में एक जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की जघन्य घटना से पूरा देश हिल गया है. उसके साथ हुए क्रूर और अमानवीय कृत्य का विवरण हमें अंदर तक झकझोर देता है. हम यह सोचने पर मजबूर हैं कि भारत में कहीं भी कोई महिला सुरक्षित है या नहीं. मैं इस असहनीय पीड़ा में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हूं. दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए और ऐसी सजा दी जानी चाहिए कि इसे समाज में एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जाए.

वहीं, एक्टर आयुष्मान खुराना ने पश्चिम बंगाल की महिला डॉक्टर के समर्थन में एक कविता लिखी. फिलहाल, कलकत्ता हाई कोर्ट की ओर से मामले को पश्चिम बंगाल पुलिस से ट्रांसफर करने के आदेश के बाद अब इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है. कोलकाता पुलिस की ओर से शुरू में गिरफ्तार किया गया आरोपी अब सीबीआई की हिरासत में है.