अगले 24 घंटे में केरल में मानसून देगा दस्तक, होगी तेज बारिश; 16 साल बाद बनने जा रहा खास रिकॉर्ड
Kerala Weather: इस साल दक्षिण भारत में मानसून समय से लगभग एक हफ्ता पहले दस्तक देने जा रहा है. अगले 24 घंटे में केरल में मानसून की आधिकारिक शुरुआत हो सकती है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी होगा.
Kerala Rain News: इस साल दक्षिण भारत में मानसून समय से लगभग एक हफ्ता पहले दस्तक देने जा रहा है. अगले 24 घंटे में केरल में मानसून की आधिकारिक शुरुआत हो सकती है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी होगा. इससे पहले 2009 और 2001 में मानसून 23 मई को पहुंचा था.
आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून को आता है, लेकिन इस बार सभी मौसमीय स्थितियां अनुकूल बन चुकी हैं. पिछले दो दिनों से केरल में तेज बारिश हो रही है, जो एक कम दबाव वाले क्षेत्र और सक्रिय मानसून प्रणाली की वजह से है. पहले की बात करें तो 11 मई 1918 को सबसे जल्दी मानसून आया था और देरी में 18 जून 1972 को आया था. पिछले 25 सालों में सबसे देर से मानसून 2016 में 9 जून को आया था.
दक्षिण भारत के बाकी इलाकों में कब होगी बारिश?
अब बात करें दक्षिण भारत के बाकी हिस्सों की तो मौसम विभाग ने केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. यह स्थिति 29 मई तक बनी रह सकती है, जिसमें 40–50 किमी/घंटा की तेज हवाएं भी चल सकती हैं. तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अगले 5 दिन तक बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
गोवा में रेड अलर्ट जारी
पश्चिमी भारत, खासकर महाराष्ट्र और गोवा में भी मौसम का असर दिख रहा है. अरब सागर में बना दबाव अब रत्नागिरी और दापोली के तट के पास पहुंच चुका है. मुंबई में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है. गोवा में रेड अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को नदियों व झरनों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-NCR में बारिश
उत्तर भारत में भी मौसम बदल रहा है. दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और 70 किमी/घंटा तक की हवाएं चल सकती हैं. उत्तराखंड, हिमाचल, यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी गर्जन के साथ बारिश का अनुमान है. झारखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित पूरब और मध्य भारत में गर्जन, तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.