menu-icon
India Daily

45 रुपये के मास्क के वसूले 485 रुपये... 40 हजार करोड़ का कर लिया घोटाला! अपनी ही पार्टी के खिलाफ विधायक ने खोला मोर्चा

भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल इन दिनों अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे को कर्नाटक भाजपा चीफ बनाए जाने से वे नाराज बताए जा रहे हैं.

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
45 रुपये के मास्क के वसूले 485 रुपये... 40 हजार करोड़ का कर लिया घोटाला! अपनी ही पार्टी के खिलाफ विधायक ने खोला मोर्चा

हाइलाइट्स

  • भाजपा विधायक बोले- गबन करने वालों को बेनकाब कर दूंगा
  • मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बोले- हमारे आरोप और मजबूत हुए

Karnataka bjp mla basanagowda patil Claim: कर्नाटक भाजपा के विधायक ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विजयपुर के विधायक बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल का दावा है कि पूर्व की बीएस येदियुरप्पा सरकार के कार्यकाल के दौरान 40 हजार करोड़ रुपये का गबन किया गया. भाजपा विधायक ने कहा कि कोरोना के दौरान पूर्व की येदियुरप्पा सरकार ने 45 रुपये के मास्क के दाम 485 रुपये रखे थे. भाजपा विधायक के आरोपों को लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भाजपा पर निशाना साधा है और कहा है कि पाटिल के दावों ने हमारे उन आरोपों को और पुख्ता कर दिया है, जिसमें हमने कहा था कि पूर्व की भाजपा सरकार 40% कमीशन वाली सरकार थी.

बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल ने  कहा कि वे उन लोगों के नाम सामने लाएंगे, जिन्होंने जनता का पैसा लूटा और करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई. उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा सरकार के कार्यकाल के दौरान एक-एक कोरोना मरीज के लिए 8 से 10 लाख रुपये का बिल बनाया गया था. कोरोना के दौरान हमारी ही सरकार ने बेंगलुरु में 10 हजार बेड किराए पर लिए गए थे. उस दौरान मैं भी कोरोना पॉजिटिव हुआ था और बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में एडमिट था. जब मैं ठीक हुआ तो अस्पताल ने 5 लाख 80 हजार रुपए का बिल बनाया था. 

भाजपा विधायक बोले- गबन करने वालों को बेनकाब कर दूंगा

दरअसल, भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल इन दिनों अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे को कर्नाटक भाजपा चीफ बनाए जाने से वे नाराज बताए जा रहे हैं. उधर, बसनगौड़ा के आरोपों के बाद कर्नाटक भाजपा के शीर्ष नेताओं ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी, जो पार्टी की गरिमा को ठेस पहुंचाती हो. इसके जवाब में बसनगौड़ा पाटिल ने कहा कि अगर अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निकाला, तो मैं गबन करने वालों को बेनकाब कर दूंगा.

भाजपा विधायक के आरोपों पर क्या बोले सिद्धारमैया?

भाजपा विधायक के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि हमने विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन भाजपा सरकार पर जो आरोप लगाए थे, वो अब और पुख्ता हो गए हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर 40 परसेंट कमीशन वाली सरकार होने का आरोप लगाया था. अब भाजपा विधायक के दावों के बाद हमारे आरोप और मजबूत हो गए हैं.