नई दिल्लीः ओडिशा-झारखंड के कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद धीरज साहू के परिसरों ने अभी तक 225 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम बरामद की जा चुकी है. इस रकम को बैंकों में शिफ्ट किया जा रहा है. इतना ही नहीं, छापेमारी बुधवार (6 दिसंबर) को शुरू हुई थी, जो अभी भी जारी है. वहीं भाजपा की ओर इस मामले में कई बड़े नेताओं के बयान आए हैं.
आईटी विभाग के छापे की ताजा जानकारी के मुताबिक आयकर टीमों ने बंटी साहू नामक व्यक्ति के घर से करीब 19 बैग पैसे जब्त किए, जो ओडिशा में उन क्षेत्रों में शराब कारखानों के रखरखाव के प्रभारी के रूप में काम करता है. सूत्रों ने बताया कि बंटी साहू के घर से अभी और रकम बरामद होने की उम्मीद है, क्योंकि जब्त किए गए पैसे को ओडिशा के बलांगीर के सुदपारा में बैंकों में ले जाया जा रहा था.
1. छापेमारी के दौरान एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में बलांगीर के एक बैंक के अंदर पैसों से भरे बैग ले जाते हुए दिखाया गया है.
2. ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक करीब 225 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की गई है.
3. आयकर विभाग की ओर से तीन दर्जन (36) काउंटिंग मशीनें लगाई गई हैं. सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि मशीनों के गिनने की क्षमता सीमित हैं, इसलिए नोटों की गिनती का काम धीरे चल रहा है.
4. अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि अलमारियों में छिपाई गई 200 करोड़ रुपये की नकदी ओडिशा के बोलांगीर जिले में डिस्टिलरी ग्रुप के परिसरों से बरामद की गई.
5. वहीं बाकी नगदी ओडिशा के संबलपुर, सुंदरगढ़, कोलकाता, झारखंड के बोकारो और रांची में कई स्थानों से बरामद की गई है. अधिकारियों को उम्मीद है कि अभी और भी रकम बरामद होगी.