menu-icon
India Daily

इंदौर में हुई पहली ट्रांसजेंडर शादी, अल्का में 47 साल बाद 'जागा' पुरुष, अस्तित्व बनकर दोस्त आस्था से की शादी

अल्का सोनी को कुछ साल पहले एहसास हुआ कि उनके अंदर पुरुषों वाले गुण हैं. इसके बाद ही उन्होंने तय किया कि वह अब एक पुरुष के रूप में रहेंगी. अब अल्का ने अपने 47वें जन्मदिन पर लिंग परिवर्तन सर्जरी (जेंडर चेंज सर्जरी) करवाई है.

Naresh Chaudhary
इंदौर में हुई पहली ट्रांसजेंडर शादी, अल्का में 47 साल बाद 'जागा' पुरुष, अस्तित्व बनकर दोस्त आस्था से की शादी

हाइलाइट्स

  • दोनों ने इंदौर डिप्टी कलेक्टर कार्यालय में किया था आवेदन
  • आस्था की बहन की सहेली थी अल्का , वहीं हुई पहली मुलाकात

Indore First Transgender Marriage Case: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पहली ट्रांसजेंडर मैरिज का मामला सामने आया है. यहां 47 साल बाद एक महिला ने अपना जेंडर बदल कर अपनी दोस्त के साथ शादी है. दोनों ने कानूनी प्रक्रिया के बाद विशेष विवाह अधिनियम के तहत आधिकारिक तौर पर शादी की है. अब परिवार वालों की मौजूदगी में कल यानी सोमवार (11 दिसंबर) को दोनों हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी करेंगे. 

47वें जन्मदिन पर कराई सर्जरी

जानकारी के मुताबिक अल्का सोनी को अपने जन्म कई वर्षों बाद एहसास हुआ कि उनके अंदर पुरुषों वाले गुण हैं. इसके बाद ही उन्होंने तय किया कि वह अब एक पुरुष के रूप में रहेंगी. अब अल्का ने अपने 47वें जन्मदिन पर लिंग परिवर्तन सर्जरी (जेंडर चेंज सर्जरी) करवाई है. साथ ही अपना नाम बदलकर अस्तित्व रखा है. 

विशेष विवाह अधिनियम के तहत की दोनों ने शादी

ये अनोखी शादी तब हुई है जब इसी अक्टूबर में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया था कि विषमलैंगिक संबंधों में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को मौजूदा कानूनों के तहत शादी करने का अधिकार है, जिसमें विवाह को विनियमित करने वाले व्यक्तिगत कानून भी शामिल हैं. परंपरा के अनुसार अल्का और आस्था 11 दिसंबर को हिंदू रीति-रिवाज के तहत पवित्र अग्नि के चारों ओर सात फेरे लेकर शादी करेंगे. 

दोनों ने इंदौर डिप्टी कलेक्टर कार्यालय में किया था आवेदन

अपनी शादी से पहले जोड़े ने इंदौर के डिप्टी कलेक्टर रोशन राय को एक आवेदन देकर अपनी स्थिति बताई थी. कलेक्टर की ओर से जांच के बाद उनका आवेदन स्वीकार किया गया और दोनों पक्षों को सूचित किया गया. गुरुवार को अस्तित्व और आस्था ने दो गवाहों और एक संयुक्त गवाह की उपस्थिति में पारिवारिक अदालत में अपना विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त किया.

आस्था की बहन की सहेली थी अल्का

शादी पर अस्तित्व और आस्था दोनों ने अपनी खुशी जाहिर की. आस्था ने कहा कि उन्होंने अपने बीच चीजों को समझने और साफ करने के बाद शादी करने का फैसला किया है. कहा कि वे एक दूसरे को समझने के लिए पिछले कई महीनों से विचार कर रहे हैं. आस्था ने कहा कि वह पहली बार अस्तित्व से उसके घर पर मिली थी, क्योंकि उसकी बहन से उसकी दोस्ती थी.