17 हजार फीट की ऊंचाई पर IndiGo विमान पर गिरी बिजली, नोज हुआ क्षतिग्रस्त; 104 यात्री बाल-बाल बचे

IndiGo फ्लाइट के साथ बुधवार को एक बड़ी घटना हुई. पटना से लखनऊ जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E925 करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर अचानक तेज बिजली की चपेट में आ गई.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: IndiGo फ्लाइट के साथ बुधवार को एक बड़ी घटना हुई. पटना से लखनऊ जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E925 करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर अचानक तेज बिजली की चपेट में आ गई. उस समय विमान में 104 यात्री सवार थे. बिजली गिरने से विमान के आगे के हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा. हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

IndiGo फ्लाइट पटना एयरपोर्ट से दोपहर करीब 3:10 बजे उड़ी थी. इस फ्लाइट को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था. लखनऊ पहुंचने से कुछ समय पहले खराब मौसम के बीच विमान पर बिजली गिर गई. इस घटना के बाद पायलट ने स्थिति को संभाला. पायलट ने विमान को सही तरह से लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कराया. करीब 4:05 बजे फ्लाइट लखनऊ पहुंच गई. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

विमान को किया गया ग्राउंडेड:

बिजली गिरने के कारण विमान के आगे के हिस्से को नुकसान पहुंचा था. इसके बाद तकनीकी जांच के लिए फ्लाइट को को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया. यह विमान आगे लखनऊ से अहमदाबाद जाने वाली IndiGo फ्लाइट 6E6968 के रूप में उड़ान भरने वाला था. हालांकि, एयरलाइन ने यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की. इसके बाद सभी यात्री शाम करीब 6:22 बजे दूसरे विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए.


पहले भी बिजली की चपेट में आया था IndiGo फ्लाइट:

यह पहली बार नहीं है जब IndiGo के विमान पर बिजली गिरने की घटना सामने आई है. इससे पहले 19 जून को कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े IndiGo विमान पर भी तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरी थी. उस घटना में विमान की पावर सिस्टम प्रभावित हुई थी और 141 यात्रियों व छह क्रू सदस्यों को दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया था.