menu-icon
India Daily

दुश्मन के ड्रोन अब नहीं बच पाएंगे! जानें भारत के 'भार्गवास्त्र' के बारे में जिसने पोखरण में दिखाया दम

भारत ने दुश्मन देशों के ड्रोन हमलों से निपटने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' का पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में सफल परीक्षण किया है.

Shilpa Shrivastava
दुश्मन के ड्रोन अब नहीं बच पाएंगे! जानें भारत के 'भार्गवास्त्र' के बारे में जिसने पोखरण में दिखाया दम
Courtesy: ANI X

नई दिल्ली: भारत ने दुश्मन देशों के ड्रोन हमलों से निपटने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' का पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में सफल परीक्षण किया है. यह परीक्षण 20 से 24 नवंबर के बीच किया गया. खास बात यह है कि यह सिस्टम एक साथ कई दुश्मन ड्रोनों के झुंड को निशाना बनाकर नष्ट कर सकता है.

क्या है भारत का भार्गवास्त्र सिस्टम?

भार्गवास्त्र भारत का पहला स्वदेशी टू-लेयर काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम बताया जा रहा है. इसे खासतौर पर उन परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया है, जब दुश्मन एक साथ बड़ी संख्या में ड्रोन भेजकर हमला करने की कोशिश करता है.

इस सिस्टम के दो वर्जन तैयार किए गए हैं. वर्जन-1 में 64 ट्यूब वाला रॉकेट लॉन्चर लगाया गया है, जबकि वर्जन-2 में 64 माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर दिए गए हैं. इन माइक्रो-मिसाइलों में इन्फ्रारेड सीकर और ऑटोनॉमस गाइडेंस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.

AI तकनीक से होगी दुश्मन के ड्रोनों की पहचान:

भार्गवास्त्र में रडार, रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) डिटेक्टर और दिन-रात निगरानी करने वाले कैमरा सिस्टम लगाए गए हैं. ये तकनीक आसपास उड़ रहे ड्रोनों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करती हैं. इस पूरे सिस्टम को AI आधारित C4I नेटवर्क कंट्रोल करता है. परीक्षण के दौरान इसके रडार और सेंसर ने ड्रोन के झुंड को ट्रैक किया. रॉकेट व माइक्रो-मिसाइलों ने अपने लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया.

पूरी तरह भारत में तैयार हुआ सिस्टम:

भार्गवास्त्र की सबसे बड़ी खासियत इसका स्वदेशी होना है. इसके सॉफ्टवेयर, रॉकेट और माइक्रो-मिसाइल सहित पूरे सिस्टम का डिजाइन और निर्माण भारत में ही किया गया है. यह सिस्टम तीन सैन्य वाहनों पर तैनात किया जाता है. सफल परीक्षण के बाद अब इसे प्रोटोटाइप प्रदर्शन के अगले चरण के लिए तैयार बताया गया है. आने वाले समय में यह भारतीय सेना की ड्रोन विरोधी सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.