'मेरी पत्नी का तीन पुरुषों के साथ अवैध संबंध ', 19 पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने झील में लगा दी छलांग
हैदाराबाद के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 19 पन्नो का सुसाइड नोट लिखने के बाद आत्महत्या कर ली. उन्होंने इस नोट में बताया कि उनकी पत्नी के कई पुरुषों के साथ संबंध थे.
हैदाराबाद के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी पर कई अफेयर का आरोप लगाते हुए 19 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा और फिर सागर झील में कूदकर जान दे दी. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सीताराम के रूप में की गई है. उन्होंने अपनी मौत से पहले एक लंबा नोट लिखा, जिसमें मुख्य रूप से अपनी पत्नी रेणुका पर तीन अलग-अलग पुरुषों के साथ अवैध संबंध रखने का गंभीर आरोप लगाया गया है. सीताराम ने दावा किया कि पिछले डेढ़ साल से उनकी पत्नी इन तीन पुरुषों के साथ संबंध बनाए हुए थी.
सुसाइड नोट में क्या लिखा?
मृतक ने अपने आखिरी नोट में लिखा कि इनमें से एक व्यक्ति ने रेणुका के साथ बिताए निजी क्षणों को गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर लिया था. बाद में इस वीडियो को रमना नाम के व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया. सीताराम ने लिखा कि जब उन्हें ऑनलाइन ये वीडियो दिखे, तब उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी हुई और इससे उन्हें गहरा मानसिक सदमा पहुंचा.
19 पन्नों के इस विस्तृत नोट में सीताराम ने लिखा कि उन तीनों पुरुषों में से एक उनके घर पर भी कई बार आया था, जब वे खुद काम पर होते थे. उन्होंने कहा कि वह अपनी पत्नी की बहुत देखभाल करते थे और उनकी हर जरूरत पूरा करते थे फिर भी उन्हें इस तरह धोखा दिया गया. सीताराम ने खुद को ठगा हुआ और बेहद दुखी महसूस करने की बात लिखी. उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी के इन कथित कृत्यों ने उन्हें इतना आहत किया कि उन्होंने जीवन समाप्त करने का फैसला कर लिया.
पुलिस ने दी मामले की जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि सुसाइड नोट की प्रामाणिकता की जांच की जाएगी. साथ ही पत्नी रेणुका पर लगे अफेयर और निजी वीडियो वायरल करने के आरोपों की भी पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जाएगी. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वीडियो वायरल करने में शामिल व्यक्ति रमना और अन्य आरोपी पुरुषों की भी इस पूरे मामले में कोई भूमिका थी.
मृतक के परिवार के बयान और तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने रेणुका और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है. मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और आगे की जानकारी सामने आने पर ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.