पत्नी के मोटापे से परेशान था पति, मिठाई में जहर देकर सुलाया मौत की नींद; अफेयर का भी एंगल आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने बिना पकड़े किसी को जहर देकर मारने का तरीका इंटरनेट पर खोजना शुरू किया तभी उसका एक यूट्यूबर से संपर्क हुआ जिसने किरण को कथित तौर पर 80 हजार रुपए में जहरीला पदार्थ दिया.
आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अपनी बीवी के मोटापे से परेशान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसकी जहर देकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने एक यूट्यूबर से यह जहर खरीदा था और फिर उसे मिठाई में मिलाकर अपनी 31 वर्षीय पत्नी को खिला दिया जिससे उसकी मौत गई. प्रोद्दातुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विभु कृष्मा ने बताया कि भद्रिपल्ली किरण और उसकी पत्नी भद्रिपल्ली पद्मजा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था.
पुलिस ने बताया कि किरण अपनी पत्नी के मोटापे और जंक फूड खाने की आदत से परेशान रहता था जिसको लेकर दोनों के बीच अकसर विवाद होता रहता था. दोनों के बीच झगड़ा तब से और बढ़ गया था जब करीब एक साल पहले किरण का हैदराबाद की एक महिला के साथ अफेयर शुरू हो गया था. किसी दूसरी औरत से संबंध होने के बाद किरण ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
इंटरनेट पर खोजा मारने का तरीका
किरण चाहता था कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे. पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने बिना पकड़े किसी को जहर देकर मारने का तरीका इंटरनेट पर खोजना शुरू किया तभी उसका एक यूट्यूबर से संपर्क हुआ जिसने किरण को कथित तौर पर 80 हजार रुपए में जहरीला पदार्थ दिया.
पुलिस के मुताबिक, 29 और 30 अप्रैल की रात किरण ने अपनी पत्नी को मिठाई में मिलाकर जहर खिला दिया जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ी. गिरने के बाद भी पद्मजा की सांसें चल रही थी. जब किरण को लगा कि उसकी पत्नी की मौत नहीं हुई है तो उसने कथित तौर पर तकिए से उसका मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी.
हत्या को हादसा दिखाकर बचना चाहता था किरण
पत्नी की हत्या को उसने हादसा दिखाने की कोशिश की. उसने अपने मां-बाप से कहा कि पद्मजा बिस्तर से गिर गई थी और बेहोश हो गई. बाद में घर पर आए डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया लेकिन पद्मजा के पिता को अपने दामाद की बातों पर यकीन नहीं हुआ तो उन्होंने शिकायत दर्ज कराई. जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तो पता चला कि पद्मजा की मौत जहर से हुई है, जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी.
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. हालांकि पुलिस ने पद्मजा की मौत में किरण की प्रेमिका की संलिप्तता से इनकार किया है. वहीं किरण को जहर बेचने वाला यूट्यूबर फिलहाल फरार है और उसका मोबाइल भी बंद जा रहा है.