मंगलवार को सिकंदराबाद के कवाडीगुडा इलाके में एक स्पा सेंटर के अंदर 25 साल की एक ब्यूटीशियन की हत्या हो गई है. बता दें की ये हत्या उसके अलग रह रहे पति ने बेरहमी से चाकू मारकर की है. पीड़िता की पहचान बांगी डेबोरा के रूप में हुई है, जो हैदराबाद के बहादुरपुरा की रहने वाली थी. हमले के समय वह एक स्पा सेंटर में काम कर रही थी. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 30 साल के राजू के रूप में हुई है, जो एक ऑटो ड्राइवर है. उसके और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पिछले दो सालों से दोनों अलग रह रहे थे. बताया जा रहा है कि उनके बीच तलाक का मामला भी चल रहा है.
पुलिस ने बताया, 'मंगलवार को राजू कथित तौर पर हाथ में चाकू लेकर स्पा सेंटर पहुंचा और कर्मचारियों के सामने अपनी पत्नी से बहस की, और बाद में उस पर चाकू से हमला कर दिया.' गंभीर चोटें लगने के बाद महिला मौके पर ही गिर पड़ी, जबकि आरोपी हत्या के तुरंत बाद वहां से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे स्कूटर पर भागते हुए एक वीडियो में कैद कर लिया. पुलिस को शक है कि लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक मुद्दों और जोड़े के बीच अक्सर होने वाली लड़ाइयों के कारण ही यह हत्या हुई है. जांचकर्ता दोनों के बीच शक और निजी विवादों से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रहे हैं. आरोपी पहले भी 2016 में दर्ज एक अपहरण के मामले में शामिल रहा था, जिसमें कथित तौर पर डेबोरा भी शामिल थी, जब वह नाबालिग थी.
जांचकर्ताओं ने कहा, 'हत्या का मकसद पारिवारिक विवाद प्रतीत होता है. हम स्पा सेंटर से CCTV फुटेज इकट्ठा कर रहे हैं और गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं.' भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, और आगे की जांच जारी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.